शॉर्ट बॉल पर हर कोई आउट होता है: वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में अश्विन, कहा- रिकी पोंटिंग भी बाउंसर पर आउट हुए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 15 साल के भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी के इंग्लैंड दौरे में फ्लॉप होने के बाद कई सवाल उठे थे, लेकिन जिम्बाब्वे सीरीज में उन्होंने दमदार वापसी कर सभी को जवाब दिया है। अब पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि इतनी जल्दी किसी खिलाड़ी को जज करना सही नहीं है। अश्विन ने वैभव की तुलना पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग से भी की।
आर्चर ने शॉर्ट बाॅल से परेशान किया
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव शॉर्ट बॉल के सामने संघर्ष करते नजर आए थे। जोफ्रा आर्चर ने उन्हें लगातार शॉर्ट बाॅल पर परेशान किया, जिसके बाद उनकी तकनीक पर सवाल उठने लगे थे।

जिम्बाब्वे में प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने
हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने वापसी की। उन्होंने तीन मैचों की टी20 सीरीज में बेहतरीन बैटिंग करते हुए सबसे ज्यादा 151 रन बनाए। आखिरी मुकाबले में सिर्फ 49 बाॅल पर में 81 रन बनाए। इस प्रदर्शन के दम पर वे प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- वैभव को बैटिंग में कोई बड़ा बदलाव करने की जरूरत नहीं है। लोग शॉर्ट बॉल की बात कर रहे हैं, लेकिन क्या रिकी पोंटिंग कभी शॉर्ट बॉल पर आउट नहीं हुए?

वैभव का इंग्लैंड में पहला दौरा था
अश्विन ने कहा- हर बल्लेबाज की अपनी ताकत और कमजोरी होती है। इंटरनेशनल क्रिकेट में हर खिलाड़ी को मुश्किल दौर से गुजरना पड़ता है। वैभव ने इंग्लैंड में पहली बार जोफ्रा आर्चर जैसे तेज गेंदबाज का सामना किया था, ऐसे में उनसे हर मैच में रन करने की उम्मीद करना सही नहीं है।
पूर्व भारतीय स्पिनर ने आगे कहा- जिम्बाब्वे की धीमी और स्पिन मददगार पिचों पर वैभव ने जिस तरह अपने खेल में बदलाव किया, वह उनकी समझ और सीखने की क्षमता को दिखाता है। उन्होंने स्पिनर के खिलाफ पैरों का इस्तेमाल किया और कंडीशन के हिसाब से बैटिंग की।

अश्विन ने कहा- IPL के बाद वैभव से उम्मीदें बहुत बढ़ गई हैं। लोग चाहते हैं कि वह हर मैच में विराट कोहली या रोहित शर्मा जैसी बैटिंग करे, लेकिन इतनी कम उम्र में उतार-चढ़ाव आना बिल्कुल आम बात है। सूर्यवंशी अच्छे प्लेयर हैं और उन्हें समय दिया जाना चाहिए। अगर वैभव इसी तरह सीखते रहे तो आने वाले समय में वह भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें कॉमनवेल्थ गेम्स: 6 दिन में भारत को 12 मेडल: देखिए मेडल टैली; छठवें दिन गुलवीर और हरजिंदर ने दिलाया सिल्वर

