भोपाल में पहली बार दोनों ट्रैक पर दौड़ी मेट्रो: अब हर 15-30 मिनट में मिलेगी सुविधा और किराए पर मिल रहा डिस्काउंट; सुभाष नगर से एम्स तक दोनों ट्रैक पर शुरू हुई मेट्रो
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। मेट्रो को सिग्नलिंग सिस्टम की मंजूरी मिलने के बाद शनिवार से वह सुभाष नगर से एम्स तक दोनों ट्रैक पर दौड़ने लगी है। नई सुविधा के बाद पिक ऑवर्स के दौरान हर 15 मिनट में मेट्रो यात्रियों को एक से दूसरे गंतव्य स्थान पर पहुंच जाएगी। जबकि दिन में 30 मिनट का फासला रहेगा, अभी तक यह यह अंतर 75 मिनट का था जो घटकर 30 मिनिट रह गया हैं।
सिर्फ एक ट्रैक पर ही चलाई जा रही थी मेट्रो
पिछले साल दिसंबर में जब इसकी शुरूआत हुई थी, तब से अब तक सिर्फ एक ट्रैक पर ही मेट्रो चलाई जा रही थी। इस वजह से स्टेशन से एक मेट्रो के निकल जाने के बाद दूसरी मेट्रो 75 मिनट के अंतराल में मिल रही थी। अब टाइमिंग और स्पीड दोनों में ही अंतर आने लगा हैं। बता दें कि भोपाल मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम को लेकर बीते दिनो कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम भोपाल आई थी। टीम ने दो दिन रुक कर सभी व्यवस्थाएं देखी उसके बाद गुरुवार को उसे हरी झंडी मिली और शनिवार से सुविधा शुरू हो गई। उसके बाद सुभाष नगर से सुबह 9 से शाम 6:15 बजे तक और एम्स से 9:30 से शाम 07:00 बजे तक 50 चक्कर मेट्रो अब लगा रही हैं।
यात्रियों को रिटर्न टिकट पर 5 और ग्रुप पर 10% की छूट
भोपाल मेट्रो में सिग्नलिंग सिस्टम शुरू होने के साथ ही यात्रियों को बढ़ावा देने के लिए नए ऑफर्स भी लॉन्च किए गए हैं। प्रबंधन ने प्रमोशन डिस्काउंट पॉलिसी के तहत रिटर्न जर्नी, यानी आने जाने वाले टिकिट पर 5% और ग्रुप टिकट पर 10% विशेष डिस्काउंट देने का फैसला किया हैं। वहीं मोबाइल ऐप से ई-वॉलेट रिचार्ज करने वालों को रिचार्ज राशि पर 8 से 15 प्रतिशत तक अतिरिक्त बोनस देने का प्लान लागू किया गया हैं। 200 से 499 रुपए तक के रिचार्ज पर 8 और 500 से 999 रुपए तक 10, 1000 से 1499 रुपए तक 12 और 1500 से 2000 रुपए तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस राशि प्रदान की जाएगी।
पहली मेट्रो के लिए 15 मिनिट पहले खुलेंगे स्टेशन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहली मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से 15 मिनट पहले सभी स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश, सुरक्षा जांच पूरी करने और समय पर प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। मैनुअल टिकटिंग की सुविधा भी सभी स्टेशनों पर निर्धारित प्रवेश/निकास द्वारों पर उपलब्ध रहेगी। इसके तहत सुभाष नगर स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, केंद्रीय विद्यालय स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, बोर्ड ऑफिस स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, एमपी नगर स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, रानी कमलापति स्टेशन पर गेट क्रमांक-2, डीआरएम ऑफिस स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, अलकापुरी स्टेशन पर गेट क्रमांक-3 तथा एम्स स्टेशन पर गेट क्रमांक-1 से यात्री टिकट प्राप्त कर सकेंगे।

