फखर जमां को ऐसे रंगेहाथ पकड़ा: अंपायर से शिकायत, 13वें ओवर से नजर; आखिर में बॉल टेम्परिंग करते पकड़ाए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के मौजूदा सीजन में बॉल टेम्परिंग का मामला सामने आया था। लाहौर कलंदर्स टीम के ओपनर फखर जमां को बॉल से छेड़छाड़ करते हुए फील्ड अंपायर ने रंगेहाथ पकड़ा था। फिर इस खिलाड़ी पर दो मैच का बैन भी लगा। हालांकि अब इस मामले को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है।
इस बात की जानकारी मिली है कि आखिर फखर जमां को फील्ड अंपायर ने रंगेहाथ कैसे पकड़ा। सूत्रों की मानें तो विपक्षी टीम कराची किंग्स को फखर पर पहले से ही शक था। मैच रेफरी से इसकी शिकायत भी की थी। इसके बाद 13वें ओवर से ही फखर पर नजर बनाए रखी और आखिर में रंगेहाथ पकड़ लिया।
आखिरी ओवर में बॉल टेम्परिंग हुई
दरअसल, बॉल टेम्परिंग का यह मामला 29 मार्च को हुए लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मैच का है। यह मैच कराची ने 4 विकेट से जीता था। आखिरी ओवर से पहले लाहौर टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर आपस में बातचीत कर रह थे।
उसके बाद बॉल से छेड़छाड़ करने लगे। तभी अंपायर ने बॉल मांगी और जांच के बाद उसे बदल दिया। साथ ही अंपायर्स ने बॉल टेम्परिंग के चलते इसे अपराध मानते हुए लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी भी लगाई।
आखिरी ओवर में कराची को 14 रन चाहिए थे। पेनल्टी मिलने के बाद टारगेट सिर्फ 9 रन रह गया। टीम ने वहीं ओवर की पहली 3 गेंद के भीतर ही टारगेट चेज कर लिया था।
13वें ओवर से फखर पर नजर थी
यहां देखने वाली बात है कि अंपायर को इसकी शिकायत काफी पहले मिल गई थी। सूत्रों ने बताया- कराची किंग्स के मैनेजमेंट को फखर जमां पर शक था। इस कारण मैच रेफरी और फॉर्थ अंपायर से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद कराची की पारी के 13वें ओवर से ही फखर समेत पूरी लाहौर टीम पर नजर रखी जा रही थी।
रेफरी ने फील्ड अंपायर से पैनी नजर बनाए रखने के लिए कहा था। आखिरी ओवर से पहले अंपायर फैसल अफरीदी ने हर हरकत पर नजर बनाए रखी। तभी उन्हें शक हुआ और बॉल लेकर जांच की तो मामला उजागर हो गया। इसके बाद कराची टीम को बतौर पेनल्टी 5 रन दिए गए और बॉल भी बदल दी गई थी।
फखर का वीडियो वायरल
इसी मामले के चलते फखर को आर्टिकल 2.14 के लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। साथ ही 2 मैच का बैन भी लगा। फखर ने आरोपों को गलत बताते हुए अपील की थी, जिसे सबूतों के आधार पर खारिज कर दिया गया।
फखर जमां का एक वीडियो काफी वायरल हुआ, जिसमें वे बॉल से छेड़छाड़ करते दिख रहे हैं। इसी वीडियो के आधार पर फखर को सजा मिली।

