India Vs Brazil फुटबॉल मैच: 3 अक्टूबर को कोलकाता में फ्रेंडली मैच की उम्मीद; यहां पेले भी खेल चुके
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय फुटबॉल टीम इस साल दुनिया की सबसे सफल टीम ब्राजील के खिलाफ मैदान पर उतर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील की सीनियर नेशनल टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता में इंडिया के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच खेल सकती है। हालांकि, इस मुकाबले को लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है।
ब्राजील की मीडिया GE Globo की रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील अपने 2026 इंटरनेशनल कैलेंडर का समापन 3 फ्रेंडली मैच के साथ करेगा। इनमें 2 मुकाबले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और तीसरा मैच इंडिया के खिलाफ कोलकाता में खेला जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच कन्फर्म
ब्राजील 25 और 29 सितंबर को टाउन्सविल और ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेलेगा। इसके बाद अक्टूबर के FIFA विंडो में 3 अक्टूबर को इंडिया से मुकाबला होने की बात कही गई है।
पहले भी आई थीं रिपोर्ट्स
कुछ दिन पहले ESPN Brasil की रिपोर्ट में भी दावा किया गया था कि ब्राजीलियन फुटबॉल कॉन्फेडरेशन (CBF) कोलकाता में एक फ्रेंडली मैच कराने के लिए एडवांस स्टेज की बातचीत कर रहा है। उस समय विरोधी टीम तय नहीं हुई थी। अब नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ब्राजील का मुकाबला इंडिया से होगा। FIFA वर्ल्ड कप 2026 के दौरान कोलकाता की सड़कों पर ब्राजील के झंडे, म्यूरल्स और खिलाड़ियों के कटआउट्स देखने को मिले थे। हजारों फैन्स ने ब्राजील के मैच का जश्न मनाया था।

कोलकाता में पेले भी खेल चुके हैं
कोलकाता और ब्राजील का रिश्ता कई दशक पुराना है। साल 1977 में फुटबॉल के महान खिलाड़ी पेले ने न्यूयॉर्क कॉसमॉस की ओर से ईडन गार्डन्स में मोहन बागान के खिलाफ मैच खेला था। अगर 3 अक्टूबर का मुकाबला तय होता है, तो पहली बार ब्राजील की सीनियर नेशनल टीम भारतीय सरजमीं पर इंडिया के खिलाफ खेलेगी।
ऑफिशियल पुष्टि का इंतजार
फिलहाल इस मैच को लेकर दोनों फुटबॉल बोर्ड की ओर से कोई ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई है। अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो यह भारतीय फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े इंटरनेशनल मुकाबलों में से एक होगा।

