किश्तवाड़ में जैश कमांडर सैफुल्लाह समेत सभी 7 आतंकी ढेर: जंगल-बर्फ और 326 दिन का ऑपरेशन; यहां वो बातें, जो आप जानना चाहेंगे
Published:
3 min read

किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी के तहत मारे गए जैश के सभी 7 आतंकी पाकिस्तान के थे।
नेशनल डेस्क. जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में पहाड़ी इलाके में लंबे समय से चल रहा एंटी टेरर ऑपरेशन अब खत्म हो गया। 326 दिन तक चले इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने जैश ए मोहम्मद के सभी 7 आतंकियों को मार गिराया है। इनमें जैश कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है। सेना ने मारे गए आतंकवादियों की एक फोटो शेयर की। इसमें रविवार को मारे गए सैफुल्लाह समेत तीनों आतंकवादी भी शामिल हैं।
सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के 326 दिनों तक चले इस जॉइंट ऑपरेशन में भीषण ठंड, बारिश और बर्फबारी जैसी स्थितियों के बीच घने जंगलों और खड़ी पहाड़ियों पर आतंकवादियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच कई बार मुठभेड़ भी हुई।
सुरक्षाबलों ने नागरिक और सैन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा मिले इनपुट के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। अधिकारियों के मुताबिक, तकनीक ने भी इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। ऑपरेशन के दौरान FPV और RPAS ड्रोन्स, सैटेलाइट इमेजरी का इस्तेमाल किया गया और सिक्योर कम्युनिकेशन नेटवर्क तैयार किया गया, ताकि आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और मुश्किल हालातों में सुरक्षाबलों की तैनाती की जा सके।

White Knight Corps ने X पर लिखा, किश्तवाड़ में 326 दिनों तक कठिन, ऊंचाई वाली जगह पर जॉइंट ऑपरेशन चलाए गए। सुरक्षा बलों ने कड़ाके की ठंड, बारिश और जमा देने वाले ठंड की चुनौतीपूर्ण स्थितियों में आतंकवादियों का पीछा किया, कई एनकाउंटर हुए। खुफिया नेटवर्क के आधार पर व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने किश्तवार के चतरू में सभी 7 खूंखार आतंकवादियों को मार गिराया। सैफुल्लाह और उसके साथियों के खात्मे से यह साबित होता है कि हमारे जवानों और खुफिया एजेंसियों के दृढ़ संकल्प, साहस और शौर्य के आगे कुछ भी नहीं टिक सकता।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने भी सभी 7 आतंकियों के खात्मे की जानकारी X पर पोस्ट की। इसमें लिखा- फोकस, लगन, सटीकता- ऑपरेशन त्राशी।
तुम भाग सकते हो, लेकिन बच नहीं सकते। 
कौन था सैफुल्लाह
जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी सैफुल्लाह दो साल से सुरक्षाबलों से छिपकर घाटी में आतंकी गतिविधियां कर रहा था। वह 20 से ज्यादा बार सुरक्षाबलों के निशाने पर आया लेकिन हर बार वह भागने में सफल रहा। लेकिन इस बार वह सुरक्षाबलों के हत्थे चढ़ गया।
सैफुल्लाह पाकिस्तानी आकाओं हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकियों का बेहद करीबी और भरोसेमंद था। हाल ही में कश्मीर और जम्मू में हुए लगभग हर छोटे-बड़े आतंकी हमले और नापाक साजिश का यह मास्टरमाइंड था। उस पर 5 लाख रुपये का ईनाम था।

