MP के पश्चिमी हिस्से में तीन सिस्टम एक्टिव: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 15 सितंबर से मानसून के कमजोर होने की संभावना
Published:
2 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक साथ तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय रहे। लो प्रेशर एरिया और ट्रफ के असर से इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। बड़वानी में नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि रतलाम, मुरैना, खरगोन, खंडवा और झाबुआ समेत कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र के साथ ट्रफ सक्रिय है। इसका असर पश्चिमी मध्य प्रदेश में ज्यादा देखने को मिल रहा है। खासतौर पर इंदौर-उज्जैन संभाग के उन इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई, जहां अब तक मानसून का असर अपेक्षाकृत कम रहा था।
इन क्षेत्रों में रहा बारिश का जोर
- शाजापुर: मक्सी
- झाबुआ: पेटलावद
- खरगोन: कसरावद
- टीकमगढ़: लगातार बारिश के चलते बान सुजारा बांध के चार गेट खोलने पड़े।
- हरदा: वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी उफान पर रही।
- अन्य क्षेत्र: खंडवा, महू, ओंकारेश्वर और रतलाम में तेज बारिश का दौर देखा गया।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, गुना और श्योपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है।
15 सितंबर के बाद कम होगी बारिश की रफ्तार
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 14 सितंबर को भी पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। निम्न दबाव क्षेत्र के राजस्थान और गुजरात की ओर आगे बढ़ने के दौरान पश्चिमी जिलों में बारिश का असर बना रह सकता है। हालांकि, 15 सितंबर के बाद प्रदेश में बारिश की तीव्रता और दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। अगले सात दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
ये भी पढ़ें- भोपाल में झमाझम बारिश: भदभदा और कलियासोत बांध के गेट खुले, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

