यशस्वी-फर्नांडो को सजा: 25% मैच फीस कटेगी और 1 डिमेरिट पॉइंट; कोलंबो टेस्ट में दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी
Published: Updated:
3 min read

कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 45 रन बनाए। (फोटो- ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के बीच यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर जुर्माना लगा है। उन्हें यह सजा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दी है। भारतीय ओपनर यशस्वी और श्रीलंकाई पेसर फर्नांडो की मैच के पहले दिन तीखी बहस हुई थी।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ICC ने नियमों का उल्लंघन माना और दोनों को दोषी मानते हुए मैच फीस का 25% फाइन लगाया। साथ ही दोनों प्लेयर को 1-1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया। भारतीय प्लेयर्स को एक टेस्ट के लिए 15 लाख रुपए फीस मिलती है। ऐसे में 25% फाइन के 3.75 लाख रुपए होते हैं।
आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन
ICC के मुताबिक, दोनों प्लेयर्स ने आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन किया है। इसके मुताबिक, मैच में किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी के सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (इंटरनेशनल मैच के दौरान दर्शक भी शामिल) से शारीरिक रूप से गलत व्यवहार नहीं करना है।
पिछले 24 महीनों में दोनों प्लेयर्स का कोई डिमेरिट पॉइंट नहीं था। ऐसे में यह उनका पहला ही पॉइंट है। यदि किसी खिलाड़ी के दो साल में चार डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं तो उसे एक टेस्ट या दो सीमित ओवर वाले मैचों से सस्पेंड कर दिया जाता है।
दोनों प्लेयर्स ने जुर्म और सजा को कुबूल किया
यह वाकया कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में हुआ। भारतीय टीम का 17वां ओवर चल रहा था, जो असिथा फर्नांडो ने ही किया था। ओवर की आखिरी बॉल पर फर्नांडो ने यशस्वी को क्लीन बोल्ड किया था। इसी दौरान श्रीलंकाई बॉलर ने यशस्वी की तरफ बाहर जाने का इशारा किया और कुछ कहा भी।
यह सुनते ही यशस्वी भी गुस्सा गए और उन्होंने भी कुछ कहा। दोनों के बीच काफी बहस हुई और दोनों एकदूसरे के करीब भी आ गए थे। तब साथी प्लेयर्स और अंपायर ने बीचबचाव कर मामले को शांत करवाया।
दोनों प्लेयर्स ने अपना जुर्म और सजा को कुबूल कर लिया है। इस कारण मैच रेफरी Andy Pycroft के द्वारा सुनाई गई सजा को लेकर कोई सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
कोलंबो टेस्ट में दोनों प्लेइंग-11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका टीम: लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डि सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।

