ऑल-न्यू MG Hector भारत में लॉन्च: 14-इंच टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ और 6 एयरबैग; कीमत 11.99 लाख से शुरू
Published: Updated:
4 min read

एमजी मोटर इंडिया ने ऑल-न्यू एमजी हेक्टर को 11.99 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है।
बिजनेस डेस्क। JSE MG Motor ने सोमवार (15 दिसंबर 2025) को अपनी नई ऑल-न्यू एमजी हेक्टर (All-New MG Hector) को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹11.99 लाख रखी गई है। यह फेसलिफ्ट कार अपने नए बोल्ड डिजाइन, बेहतरीन कंफर्ट और एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ प्रीमियम SUV सेगमेंट में एक नया बेंचमार्क सेट करती है। कंपनी ने इसे ऐसे कस्टमर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो स्टाइल के साथ टेक्नोलॉजी और सेफ्टी भी चाहते हैं।
MG Hector पहली बार 2019 में भारत आई थी। यह इसका तीसरा फेसलिफ्ट है। खास बात यह है कि Hector, MG की भारत में पहली कार थी और अब तक इसकी 1.50 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं, जिससे यह कंपनी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली SUV बन चुकी है।

ऑल-न्यू एमजी हेक्टर की कीमत और वारंटी डिटेल्स
न्यू एमजी हेक्टर को कई वेरिएंट्स में उतारा गया है। 5 सीटर की शुरुआती कीमत 11.99 लाख (एक्स-शोरूम) है। वहीं, टॉप वेरिएंट Savvy Pro CVT की कीमत 18.09 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है। 7 सीटर Sharp Pro वेरिएंट 17.29 लाख से शुरू होता है, जबकि Savvy Pro CVT वेरिएंट एक्स-शोरूम कीमत 19.49 लाख रुपए है।
SUV को कस्टमर्स 100% ऑन-रोड प्राइस फंडिंग के साथ खरीद सकते हैं, जिसमें 84 महीने यानी 7 साल तक का ऑप्शन मिलता है। एक्सेसरीज पर भी 100% फंडिंग सपोर्ट दिया जा रहा है। 3 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी, 3 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 3 लेबर-फ्री सर्विसेज मिलती हैं। जरूरत के अनुसार इन पैकेजों को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल ऑल-न्यू हेक्टर के पेट्रोल वेरिएंट्स की कीमतें घोषित की गई हैं, जबकि डीजल वेरिएंट को अगले साल लॉन्च किया जाएगा।

डिजाइन पहले से ज्यादा मस्क्युलर और प्रीमियम
ऑल-न्यू एमजी हेक्टर को देखने पर लगेगा कि डिजाइन पहले जैसा ही है, लेकिन ध्यान से देखें तो कई छोटे-छोटे बदलाव इसे फ्रेश लुक देते हैं। SUV की बॉडी शेप वही रखी गई है, लेकिन फ्रंट में अब नया Aura Hex ग्रिल दिया गया है, जिसमें हेक्सागोनल स्लैट्स हैं। इससे कार का फ्रंट ज्यादा दमदार दिखता है।
बंपर पुराने मॉडल जैसे ही हैं, लेकिन ड्यूल-टोन बॉडी कलर, ब्लैक व्हील आर्च क्लैडिंग और नए 18-इंच अलॉय व्हील्स SUV को ज्यादा मस्क्युलर फील देते हैं। हेडलैंप और DRL में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब Hector दो नए कलर सेलेडॉन ब्लू और पर्ल व्हाइट में मिलेगी।

इंजन और परफॉर्मेंस
ऑल-न्यू एमजी हेक्टर में 1.5 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो मैनुअल और सीवीटी दोनों ट्रांसमिशन ऑप्शन में अवेलेबल है। यह इंजन 143PS की पावर और 250 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा 2.0 लीटर टर्बो डीजल इंजन भी मिलता है, जो 167 hp की पावर और 350 Nm टॉर्क जनरेट करता है।
नए फीचर्स और इंटीरियर अपडेट
ऑल-न्यू एमजी हेक्टर का केबिन अब पहले से ज्यादा लग्जरी और सुकून देने वाला हो गया है। कंपनी ने अलग-अलग सीटिंग कॉन्फिगरेशन के हिसाब से नई कलर थीम्स दी हैं। 6 और 7-सीटर वेरिएंट्स में ड्यूल टोन अर्बन टैन थीम मिलती है। वहीं, 5-सीटर वेरिएंट में ड्यूल टोन आइस ग्रे थीम दी गई है।

इंटीरियर्स में हाइड्रा ग्लोस फिनिश एक्सेंट्स और हाइड्रोफोबिक ब्लैक-ब्लू इंसर्ट्स दिए गए हैं इसके साथ फैब्रिक सीट इंसर्ट्स, लेदर पैक डैशबोर्ड और डोर्स, फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, टिल्ट और टेलीस्कोपिक एडजस्टेबल स्टीयरिंग और 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट दी गई है।

इंफोटेनमेंट और कनेक्टेड टेक्नोलॉजी
SUV में अब 14-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसमें नया i-Swipe जेस्चर कंट्रोल फीचर जोड़ा गया है। कंपनी ने RAM को बढ़ाकर 10GB कर दिया है, जिससे स्क्रीन पहले से ज्यादा स्मूद और फास्ट काम करती है।
अब दो उंगलियों से AC कंट्रोल कर सकते हैं और तीन उंगलियों से म्यूजिक ट्रैक और वॉल्यूम बदल सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल ऑटो की, प्रॉक्सिमिटी लॉक-अनलॉक, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, साउंड सिस्टम और नए डिजाइन वाले AC वेंट्स भी मिलते हैं।

ड्राइवर के लिए 17.78 सेमी की फुल डिजिटल एलसीडी क्लस्टर स्क्रीन दी गई है। डिजिटल ब्लूटूथ की शेयरिंग, रिमोट एसी कंट्रोल, सेगमेंट-फर्स्ट प्रीडिक्टिव मेंटेनेंस अलर्ट्स, डुअल-पैन पैनोरमिक सनरूफ, 8-कलर एम्बिएंट मूड लाइटिंग, एडवांस्ड ADAS, पुश बटन स्टार्ट, पीएम 2.5 एयर प्यूरिफायर और रेन सेंसिंग वाइपर्स जैसे फीचर्स भी हैं।
सेफ्टी फीचर्स
- 6 एयरबैग
- 360 डिग्री कैमरा विद व्हील व्यू
- अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल
- ट्रैफिक जैम असिस्ट
- इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल
- ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम
- हिल होल्ड कंट्रोल
- ब्रेक असिस्ट

