1954 की मशहूर Maserati A6GCS रेस कार की नीलामी: 27 करोड़ तक पहुंच सकती है कीमत, दुनिया में इसके सिर्फ 52 मॉडल
Published: Updated:
4 min read

Maserati A6GCS की नीलामी अगस्त 2026 में कैलिफोर्निया के कार्मेल में होने वाले ब्रॉड एरो ऑक्शन्स में होगी। (फोटो सोर्स- Robb Report)
बिजनेस डेस्क। क्लासिक रेस कारों की दुनिया में कुछ नाम हमेशा खास रहेंगे। उन्हीं में से एक 1954 की मासेराती ए6जीसीएस (Maserati A6GCS) है। खूबसूरत डिजाइन, शानदार रेसिंग रिकॉर्ड और ऐतिहासिक महत्व के कारण यह कार आज भी लोगों की पहली पसंद मानी जाती है।
अब यही Maserati अगस्त में कैलिफोर्निया के कार्मेल में होने वाली ब्रॉड एरो ऑक्शन्स की नीलामी का मुख्य आकर्षण बनने जा रही है। जहां इसकी अनुमानिक कीमत 24 लाख से 29 लाख डॉलर (करीब 23-27 करोड़ रुपए) आंकी गई है।
1950 के दशक की सबसे सफल रेस कार
Maserati उस दौर की फैक्ट्री रेस कार थी। जिसने यूरोप के कई बड़े ट्रैक पर जीत हासिल की थी। इसकी बॉडी का डिजाइन डिजाइनर फैंटुजी (Fantuzzi) ने तैयार किया था, जबकि इसे हाथों से तैयार करने का काम मोडेना की कोचबिल्डर कंपनी 'कैरोजेरिया फियांड्री एंड मालागोली' (Carrozzeria Fiandri & Malagoli) ने किया था।
कार को Maserati के फैक्ट्री ड्राइवर लुइजी मुस्सो (Luigi Musso) चलाते थे। उनके साथ इस कार ने इटली की गिरो डेले कैलाब्री (Giro Delle Calabrie) और सर्किटो डी सेनिगैलिया (Circuito Di Senigallia) रेस में पहला स्थान हासिल किया था। इसके अलावा नॉर्थन आयरलैंड की आरएसी टूरिस्ट ट्रॉफी (RAC Tourist Trophy) प्रतियोगिता में इसने बेहतर प्रदर्शन किया।

अर्जेंटीना पहुंचकर भी जीत का सिलसिला जारी रहा
1955 में रेसिंग सीजन खत्म होने के बाद Maserati ने यह कार अर्जेंटीना के शौकिया रेसर रिकार्डो ग्रांडियो (Ricardo Grandio) को बेच दी। वहां भी कार ने अपनी जीत की परंपरा जारी रखी और ब्यूनस आयर्स 1000 किमी (Buenos Aires 1000 KM) रेस में फर्स्ट रैंकिंग हासिल की। उस समय यह कार इक्विपो प्रेसिडेंट पेरोन (Equipo Presidente Peron) रेस टीम का हिस्सा भी रही थी।
चेसिस नंबर 2078 वाली Maserati मार्च 1954 में तैयार हुई थी। 1953 से 1955 के बीच कंपनी ने A6GCS के 52 मॉडल बनाए थे। कार में ट्यूबलर-स्टील चेसिस दिया गया है। इसकी बॉडी एल्यूमीनियम से बनाई गई है। इसमें 2.0 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड स्ट्रेट-सिक्स इंजन लगा है। इंजन के साथ 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स जोड़ गया है।
कई मालिक बदले, लेकिन पहचान बनी रही
अर्जेंटीना में सक्सेसफुल रेसिंग करियर के बाद यह कार कई लोगों के पास गई। एक समय यह ब्यूनस आयर्स के गैरेज मालिक अल्बर्टो गोमेज के पास थी। उस दौरान कार को ब्लैक कलर और व्हाइट स्ट्राइप्स के साथ पेंट किया गया था। बाद में कई बार नए मालिकों तक पहुंची। इनमें जॉर्ज मैकोमे ने इसका रेस्टोरेशन भी करवाया। 1984 में आर्किटेक्ट पाओलो डाब्बेनी ने इसे खरीदा और इटली ले गए
1986 में इस कार ने मिग्लिया स्टोरिया (Miglia Storica) में हिस्सा लिया। हालांकि पहले ही दिन बाहर हो गई। इसके बाद इटली के उद्योगपति जियानी विताली ने इसे खरीदा और रिस्टोर कराया।
1998 में अमेरिकी रेसर और कलेक्टर डीन मेलिंग ने यह कार खरीद ली। तब से लेकर आज तक यह उनकी कलेक्शन का सबसे खास हिस्सा रही। कार अमेरिका और यूरोप के कई बड़े ऑटोमोबाइल आयोजनों में दिखाई दी। इनमें कोलोराडो ग्रैंड, मिग्लिया स्टोरिका और मोंटेरे हिस्टोरिक्स जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। यहां तक कि 2005 ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री के दौरान कार का इस्तेमाल फॉर्मूला 1 रेस वीकेंड में हॉट लैप्स के लिए किया गया था।

पेबल बीच में सम्मान मिला
2014 में पेबल बीच कॉनकोर्स डी'एलिगेंस (Pebble Beach Concours d'Elegance) में कार को ग्रैन टूरिज्मो ट्रॉफी से सम्मानित किया गया था। इसके बाद 2024 में Maserati की 110वीं एनिवर्सरी के मौके पर पेबल बीच में डिस्प्ले किया गया।
डीन मेलिंग के मुताबिक, यूरोप में किसी समय कार का इंजन निकालकर उसकी जगह क्रॉस्थवेट और गार्डनर द्वारा तैयार किया गया रेप्लिका इंजन लगाया गया था। फिलहाल कार उसी इंजन के साथ चल रही है। ऑक्शन में कार के साथ उसका असली इंजन और एक एक्स्ट्रा रेप्लिका इंजन दिया जाएगा।
यह पहली बार नहीं है जब डीन मेलिंग इस Maserati को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। 2019 में आरएम सोथबीज की मोंटेरे नीलामी में कार पर 3.1 मिलियन डॉलर तक की बिड लगी थी, लेकिन वह रिजर्व प्राइस तक नहीं पहुंच सकी थी।
अब ब्रॉड एरो ऑक्शन्स को उम्मीद है कि इसकी ऐतिहासिक रेसिंग विरासत, लुइजी मुस्सो के साथ जुड़ा इतिहास और बेहतर स्थिति इसे फिर से कलेक्टर्स के बीच आकर्षण का केंद्र बनाएगी।
24 से 29 लाख डॉलर तक कीमत पहुंच सकती है
ब्रॉड एरो के विशेषज्ञ जैकब ग्राइसन का मानना है कि Maserati A6GCS जैसी ऐतिहासिक रेस कारें आज के एडवांस सुपरकार्स की तुलना में बेहतर निवेश साबित हो सकती हैं। इसी वजह से 1954 Maserati A6GCS की अनुमानित कीमत 24-29 लाख डॉलर (करीब 20-25 करोड़) के बीच रखी गई है।

