निसान ग्रेवाइट में CNG का ऑप्शन: 82999 रुपए में ट्विन-सिलेंडर किट, 7-सीटर SUV के स्पेस पर असर नहीं पड़ेगा
Published:
3 min read

7-सीटर SUV में स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी गई है। CNG कीट के पार्ट्स पर 3 साल या 1 लाख किमी की वारंटी मिलेगी।
बिजनेस डेस्क। निसान मोटर इंडिया ने ऑल-न्यू ग्रेवाइट के लिए सरकार से प्रमाणित CNG रेट्रोफिटमेंट किट लॉन्च करने का ऐलान किया है। यह किट 16 राज्यों में उपलब्ध होगी। इसकी शुरुआती कीमत 82,999 रुपए है। ग्राहक इसे निसान के अधिकृत डीलर नेटवर्क के जरिए लगवा सकेंगे।
इसमें पहली बार स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे 7-सीटर स्पेस और आराम पर असर नहीं पड़ेगा। यह उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो कम खर्च में रोजाना ज्यादा सफर करते हैं और बेहतर माइलेज चाहते हैं।
7-सीटर स्पेस के साथ नई CNG टेक्नोलॉजी
निसान ने ग्रेवाइट CNG में सेगमेंट की पहली स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी है। आमतौर पर CNG किट लगने के बाद बूट स्पेस या सीटों की जगह कम हो जाती है, लेकिन इस सेटअप को ऐसे डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को पर्याप्त जगह मिलती रहे। यानी परिवार के साथ सफर करने वालों को सीटिंग स्पेस को लेकर समझौता नहीं करना पड़ेगा।
सुरक्षा और परफॉर्मेंस का भी रखा गया ध्यान
इस CNG सिस्टम में सिक्वेंशियल BS6.2 कम्प्लायंट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। सुरक्षा और भरोसे के लिए सिस्टम को ICAT से प्रमाणित किया गया है। इसमें 8.1 एमएम मोटाई वाला हैवी-ड्यूटी सिलेंडर लगाया गया है जो ज्यादा मजबूती और टिकाऊपन देने का काम करेगा।
इसके अलावा इसमें डायनामिक एडवांसर टेक्नोलॉजी दी गई है और फ्यूल भरने के लिए फ्यूल लिड के नीचे ही फिलिंग पॉइंट रखा गया है। साथ ही पेट्रोल और CNG के बीच स्विच करना भी आसान बनाया गया है।
CNG किट पर 3 साल तक की वारंटी
तक की वारंइस CNG किट को डेवलप और मैन्युफैक्चर करने की जिम्मेदारी मोटोजेन ने संभाली है। कंपनी की तरफ से किट के पार्ट्स पर 3 साल या 1 लाख किलोमीटर तक की वारंटी भी दी जाएगी।
कंपनी ने क्या कहा?
निसान एंड इन्फिनिटी के डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट थियरी सबाग ने कहा कि भारत कंपनी के लिए एक अहम बाजार है और ग्राहकों की बदलती जरूरतों के हिसाब से नए मोबिलिटी सॉल्यूशंस लाना कंपनी की प्राथमिकता है।
वहीं, निसान मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कहा कि मैग्नाइट CNG को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब ग्रेवाइट में पहली बार ट्विन-सिलेंडर सॉल्यूशन लाया गया है, ताकि ग्राहकों को कम खर्च के साथ बेहतर स्पेस और सुविधा मिल सके।
यह भी पढ़ें-

