क्या आपको किसी ने WhatsApp पर ब्लॉक कर दिया है: बिना मैसेज भेजे लगाएं पता, जानिए 'एन्क्रिप्शन वेरिफिकेशन' की स्पेशल ट्रिक
Published:
3 min read

यह AI जेनरेटेड सिम्बॉलिक इमेज है। इसे न्यूज नेचर के लिहाज से क्रिएट किया गया है।
टेक डेस्क। WhatsApp पर किसी ने आपको ब्लॉक किया है या नहीं, यह जानने के लिए ज्यादातर लोग प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन या फिर मैसेज भेजकर डबल टिक का इंतजार करते हैं। लेकिन कई बार ये तरीके पूरी तरह भरोसेमंद नहीं होते, क्योंकि सामने वाला अपनी प्राइवेसी सेटिंग बदल सकता है या नया फोन इस्तेमाल कर सकता है।
अब WhatsApp में मौजूद एक खास फीचर की मदद से बिना कोई मैसेज भेजे यह पता लगाया जा सकता है कि आप ब्लॉक हैं या नहीं। खास बात यह है कि इस प्रोसेस के दौरान सामने वाले यूजर को इसकी कोई जानकारी भी नहीं मिलेगी।
WABetaInfo ने बताया नया तरीका
WhatsApp के नए फीचर्स और अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo के मुताबिक, यह ट्रिक एन्क्रिप्शन वेरिफिकेशन (Encryption Verification) सिस्टम पर बेस्ड है। यह फीचर चैट की सुरक्षा को जांचने के लिए बनाया गया था, लेकिन इसका इस्तेमाल ब्लॉक स्टेटस का पता लगाने के लिए भी किया जा सकता है।

क्या है एन्क्रिप्शन वेरिफिकेशन फीचर?
WhatsApp पर होने वाली सभी चैट्स एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहती हैं। इसका मतलब है कि चैट में एक यूनिक ‘क्रिप्टोग्राफिक की’ होती है, जो बातचीत को सुरक्षित बनाती है।
जब कोई यूजर WhatsApp दोबारा इंस्टॉल करता है या नया फोन इस्तेमाल करता है, तो ये एन्क्रिप्शन की अपडेट हो जाती हैं। पहले वेरीफाई करने के लिए यूजर्स को 60 अंकों वाला सिक्योरिटी कोड मिलाना पड़ता था या QR कोड स्कैन करना होता था।
हालांकि, साल 2023 में WhatsApp ने ऑटोमैटिक वेरिफिकेशन सिस्टम फीचर पेश किया, जिससे यह प्रोसेस ऑटोमैटिक होने लगी।
ब्लॉक होने पर कैसे बदल जाता है सिस्टम?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर किसी यूजर ने आपको ब्लॉक कर दिया है तो चैट में ऑटोमैटिक एन्क्रिप्शन वेरिफिकेशन सही तरीके से काम नहीं कर पाता। चैट सुरक्षित बनी रहती है, लेकिन सिस्टम उस संपर्क की 'क्रिप्टोग्राफिक की' को ऑटोमैटिक रूप से वेरीफाई नहीं कर पाता।
WhatsApp पर ब्लॉक स्टेटस कैसे चेक करें?
- उस कॉन्टैक्ट की चैट ओपन करें जिसे आप चेक करना चाहते हैं।
- सबसे ऊपर उनके नाम पर टैप करके कॉन्टैक्ट इन्फो स्क्रीन में जाएं।
- नीचे स्क्रॉल करें और एन्क्रिप्शन वाले ऑप्शन पर टैप करें।
- अब WhatsApp ऑटोमैटिकली एन्क्रिप्शन वेरीफाई करने की कोशिश करेगा।
वेरिफिकेशन फेल होने का क्या मतलब है?
अगर WhatsApp बिना किसी प्रॉब्लम के ऑटोमैटिक वेरिफिकेशन पूरा कर देता है, तो आपको ग्रीन चेकमार्क दिखाई देगा। इसका मतलब है कि एन्क्रिप्शन वेरीफाई हो गया है। वहीं, ऑटोमैटिक वेरिफिकेशन पूरा नहीं होता और WhatsApp आपको मैन्युअल तरीके से सिक्योरिटी कोड वेरीफाई करने के लिए कहता है, तो यह सिग्नल हो सकता है कि सामने वाले यूजर ने आपको ब्लॉक किया हुआ है।
WhatsApp ने क्या कहा?
WhatsApp ने ऑफिशियली कभी नहीं कहा है कि इस फीचर का इस्तेमाल ब्लॉक का पता लगाने के लिए किया जा सकता है। लेकिन WABetaInfo के मुताबिक, टेस्ट करने पर ये ट्रिक बिल्कुल सही काम कर रही है।

