Zoho वर्क फ्रॉम होम दे सकती है: श्रीधर वेम्बू ने मोदी की अपील पर रिस्पॉन्स किया; बोले- विचार करेंगे, नेचुरल फार्मिंग अपना रहे
Published:
2 min read

Zoho के चीफ साइंटिस्ट श्रीधर वेम्बू। (फाइल फोटो)
बिजनेस डेस्क। टेक कंपनी Zoho कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) पॉलिसी पर विचार कर सकती है। ये फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद आया है। दरअसल, रविवार को पीएम ने कंपनियों से अपील की थी कि वे काम के तरीके बदल दें। यानी WFH लागू कर दें। इससे पेट्रोल-डीजल की बचत हो सकेगी। अर्थव्यवस्था पर बोझ कम होगा।
कंपनी के चीफ साइंटिस्ट श्रीधर वेम्बू ने X पोस्ट में लिखा- उन्हें उम्मीद है सभी लोग प्रधानमंत्री के मैसेज को गंभीरता से लेंगे। उन्होंने कहा, हाल ही में जोहो कंपनी ने पूरी तरह से ऑफिस से काम (वर्क फ्रॉम ऑफिस) करने का फैसला लिया था। लेकिन अब वे WFH पॉलिसी पर फिर से विचार करेंगे।
प्रधानमंत्री ने लोगों से क्या अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से अपील की है कि वे एनर्जी की बचत करें। इंपोर्ट पर निर्भरता कम करें। खासकर जब दुनिया में अनिश्चितता बढ़ रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां भी संभव हो, लोग घर से काम करें। इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा बस और मेट्रो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।
इसके अलावा, एक साल तक सोना न खरीदे, खाना पकाने के तेल का कम इस्तेमाल करें, नेचुरल फार्मिंग की ओर बढ़ें, केमिकल फर्टिलाइजर पर निर्भरता घटाएं, विदेशी ब्रांड्स की जगह स्वदेशी प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देें। साथ ही बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक विदेश यात्रा टाल दें।
श्रीधर बोले- नेचुरल फार्मिंग अपना रहे
श्रीधर ने कहा कि जोहो कंपनी पहले से ही कुछ कदम उठा रही है। कंपनी ने अपने फार्म पर नेचुरल फार्मिंग अपनाई है। डीजल की खपत कम करने के तरीके ढूंढ रही है। उन्होंने पोस्ट में लिखा- हमने अपने फार्म पर नेचुरल फार्मिंग अपनाई है और हम डीजल का इस्तेमाल घटाने के आईडिया भी लगातार खोज रहे हैं।

