'हैंडशेक कर लो, कुछ तो तहजीब दिखाओ': शोएब अख्तर बोले- लड़ाई झगड़े तो चलते रहते हैं; सूर्या ने कहा- हाथ न मिलाने का फैसला पूरी टीम का
Published:
4 min read

एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार को भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया। (फोटो क्रेडिट;सोशल मीडिया )
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में जीत के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाए थे। अब इस पर बयानबाजी का सिलसिला तेज हो गया है।
पाकिस्तान के पूर्व पेसर शोएब अख्तर ने टीम इंडिया के इस फैसले को गलत करार दिया। शोएब ने कहा- आपको जीत मुबारक। हालांकि, हाथ न मिलाने का फैसला बेहद गलत है। आपको कुछ तहजीब दिखानी चाहिए थी। हैंडशेक तो कर लेते।
दूसरी तरफ, टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया कि पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ न मिलाने का फैसला पूरी टीम ने मिलकर लिया था।
पहले शोएब की बात जान लेते हैं
सोशल मीडिया पोस्ट में शोएब ने कहा- मेरे पास अल्फाज नहीं हैं, इस घटना को बयां करने के लिए। दिल दुखता है। अब क्या कहूं। क्रिकेट तो चल ही रही है। हम आपके लिए अच्छी बातें कर रहे हैं। हालांकि, हमारे पास भी कहने को बहुत कुछ है। अरे, कम से कम हैंडशेक तो कर लो। मैच के पहले टॉस के वक्त भी यही कहा था। ये सिर्फ क्रिकेट मैच है। कुछ तहजीब दिखाती टीम इंडिया।
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब आगे कहते हैं- लड़ाई झगड़े तो होते रहते हैं। घर में भी हो जाते हैं। इसका मतलब ये तो नहीं कि आप इसे इतना तूल दें कि हाथ तक न मिलाएं। मैं तो ऐसा कभी नहीं करता। मैं तो दुश्मन से भी हाथ मिला सकता हूं। क्रिकेट में सियासत का तड़का मत लगाइए।

सलमान अली आगा ने सही किया
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा नहीं गए थे। उन्होंने इसका बायकॉट किया था। शोएब ने सलमान के कदम को सही बताया। कहा- मुझे सलमान का कदम बिल्कुल सही लगा। उसे किसी सेरेमनी में शिरकत नहीं करनी चाहिए थी, उसने यही किया।
'यह टीम इंडिया का फैसला था'
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ न मिलाने वाले विवाद पर सवाल किया गया था। इस पर यादव ने कहा- यह पूरी टीम का फैसला था। हम यहां सिर्फ खेलने आए हैं। हमने उन्हें जवाब दे दिया है। कई बातें स्पोर्ट्समैनशिप से बड़ी होती हैं। हमने यही किया।
सूर्या ने आगे कहा- हम ये जीत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए अपने देश के नागरिकों को समर्पित करते हैं। हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से जवाब दिया। अपनी सेना और शहीदों को हमारा सैल्यूट।
सुरेश रैना की बात भी सुनिए
टीम इंडिया के पूर्व मिडिल ऑर्डर बैटर सुरेश रैना ने भारत और पाकिस्तान के रविवार को खेले गए मैच के बारे हैरतअंगेज दावा किया।
रैना के मुताबिक- सच्चाई ये है कि सिर्फ BCCI के प्रेशर की वजह से टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेली। अगर आप हर प्लेयर से पर्सनली पूछेंगे तो यही जवाब मिलेगा कि वो पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहते थे।

इस कन्ट्रोवर्सी की ब्रीफ समरी
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
अब पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।

मैच रेफरी का रोल
पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा मैच के बाद प्लेयर्स को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। कहा- टीम इंडिया ने हमारे प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह खेल भावना के खिलाफ है।
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट में पाकिस्तान की तरफ से दर्ज शिकायत की पुष्टि की गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस बारे में एक स्टेटमेंट भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि मैच रेफरी ने टॉस के पहले ही पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को बता दिया था कि वो सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने की कोशिश नहीं करेंगे।

