पाकिस्तान ने एशिया कप से हटने की धमकी दी: रेफरी को नहीं हटाया तो कोई मैच नहीं खेलेगी PAK टीम; PCB ने अपने ही अधिकारी को हटाया
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप 2025 में अब तक पाकिस्तान टीम ने 2 में से एक मैच जीता और एक हारा है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में रविवार (14 सितंबर) को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। मुकाबले में टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया। इस बात से तिलमिलाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशिया कप छोड़ने की धमकी तक दे दी है। साथ ही PCB ने अपने एक बड़े अधिकारी को भी सस्पेंड कर दिया है।
PCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की शिकायत की है। PCB और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी ने आरोप लगाया कि मैच रेफरी ने ICC के नियम तोड़े हैं। उन्हें एशिया कप के बाकी मैचों से हटा दिया जाए।
PCB ने एक अधिकारी को सस्पेंड किया
क्रिकेट पाकिस्तान ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि PCB ने आईसीसी से कहा है कि जब तक उनकी डिमांड पूरी नहीं होगी, वे एशिया कप में आगे कोई मैच नहीं खेलेंगे। बता दें किं टीम इंडिया से हारने के बाद पाकिस्तान को अगला ग्रुप मैच UAE के खिलाफ खेलना है। यह मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने हाथ नहीं मिलाने वाले विवाद में देरी से कार्रवाई करने के कारण डायरेक्टर ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेट ऑपरेशंस उस्मान वाहला को सस्पेंड कर दिया है।
टीम इंडिया ने ड्रेसिंग रूम का गेट भी बंद किया
मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े। PCB ने इसको लेकर भी शिकायत की है।
पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा मैच के बाद प्लेयर्स को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचे थे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। कहा- टीम इंडिया ने हमारे प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह खेल भावना के खिलाफ है।
पाकिस्तानी कोच और कप्तान हाथ मिलाने गए थे
दरअसल, मैच के बाद दोनों टीमों के प्लेयर्स लाइनअप होकर हाथ मिलाते हैं। इस बार भारत-पाकिस्तान मैच में ऐसा नहीं हुआ। पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा टीम के साथ लाइनअप होकर टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम तक पहुंचे।
इसी दौरान टीम इंडिया के मैनेजमेंट ने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद कर लिया। इससे पाकिस्तान के कोच जबरदस्त गुस्से में दिखे। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हमारे प्लेयर्स तो उनके ड्रेसिंग रूम तक गए। हम हाथ मिलाना चाहते थे।

