'उन्हें बोलने का अधिकार नहीं': अलग-अलग कोच की मांग पर भड़के गौतम गंभीर; कोहली-रोहित की तारीफ की
Published:
3 min read

3rd ODI जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हेड कोच गौतम गंभीर
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत ने विशाखापट्टनम में तीसरा वनडे जीतकर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने हाल ही में 2-0 से हारी टेस्ट सीरीज के बाद उठी आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
स्प्लिट कोचिंग की मांग पर गंभीर का बड़ा बयान
गंभीर ने कहा कि टेस्ट हार के बाद कई तरह की बातें सामने आईं, जिनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जिनका क्रिकेट से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना समझे दूसरों के काम में दखल नहीं देना चाहिए। टेस्ट हार के बाद IPL फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के को-ओनर पार्थ जिंदल ने टेस्ट टीम के चयन और अलग कोचिंग स्टाफ की मांग की थी। इस पर गंभीर ने कहा कि जब हम किसी के क्षेत्र में दखल नहीं देते, तो उन्हें भी हमारे मामले में बोलने का अधिकार नहीं है।
पहला टेस्ट बिना कप्तान के खेला
गंभीर ने कहा कि टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में चोट की वजह से इन-फॉर्म बल्लेबाज़ शुभमन गिल का टीम से बाहर होना एक बड़ा झटका था। उन्होंने कहा कि किसी भी टीम के लिए कप्तान जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज का अचानक उपलब्ध न होना हार का कारण बन सकता है। गंभीर ने आगे कहा कि टीम में अनुभव की कमी साफ दिख रही थी, लेकिन किसी ने भी इस पहलू पर बात नहीं की।
पिच और टॉस पर भी बोले गंभीर
गंभीर ने कहा कि पिच को लेकर भी बेवजह बातें की गईं। साथ ही बताया कि "मेरे कार्यकाल में टीम ने पहली बार टॉस जीता है। वर्तमान भारतीय परिस्थितियों में टॉस काफी अहम है।"
रोहित और विराट की तारीफ
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों लंबे समय से भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में सफेद गेंद क्रिकेट में इसी तरह खेलते रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज से वापसी करते हुए रोहित ने 3 मैच में सबसे ज्यादा 203 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड अपने नाम किया। वहीं लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद विराट ने तीसरे मैच में 74 रन की पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोहली ने 302 रन बनाकर सीरीज के बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड जीता। रोहित ने दो अर्धशतक लगाए ।

