केएल राहुल का 9 साल बाद घर में टेस्ट शतक: गिल ने 47 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, घरेलू टेस्ट में बतौर कप्तान डेब्यू पारी में फिफ्टी लगाई
Published: Updated:
3 min read

केएल राहुल ने अपना 11वां शतक लगाया है। उनका दिसंबर 2016 के बाद घरेलू मैदान पर यह पहला टेस्ट शतक है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसका पहला मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इसी मैच में केएल राहुल ने शतक लगाया। यह उनके करियर की 11वीं सेंचुरी है। राहुल ने 9 साल बाद घरेलू मैदान पर शतक लगाया है। कप्तान शुभमन गिल ने फिफ्टी लगाकर 47 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
शुभमन गिल ने 100 बॉल खेलकर 50 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके लगाए। गिल 47 साल बाद बतौर कप्तान घरेलू टेस्ट की डेब्यू इनिंग में 50 या उससे ज्यादा स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
धोनी-गांगुली भी नहीं कर सके ऐसा
इससे पहले यह उपलब्धि सुनील गावस्कर ने हासिल की थी। उन्होंने 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही वानखेड़े टेस्ट में 205 रन की पारी खेली थी। उसके बाद से कोई भी भारतीय प्लेयर बतौर कप्तान अपने घर में डेब्यू इनिंग में 50+ स्कोर नहीं बना सका था। अब गिल ने यह रिकॉर्ड बनाया है।
इन 47 सालों में मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे कप्तान बने, लेकिन यह रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके थे। अब जाकर गिल ने यह रिकॉर्ड तोड़ा है।
राहुल का 26 टेस्ट पारियों के बाद घरेलू टेस्ट में शतक
इसी पारी में केएल राहुल ने अपना 11वां शतक लगाया है। उनका दिसंबर 2016 के बाद घरेलू मैदान पर यह पहला टेस्ट शतक है। इस दौरान राहुल ने 26 टेस्ट पारियां खेली हैं। राहुल दो घरेलू टेस्ट शतक के बीच सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले पांचवें भारतीय बन गए हैं। रविचंद्रन अश्विन ने दो घरेलू टेस्ट शतक के बीच सबसे ज्यादा 36 टेस्ट खेले थे।
घर में दो टेस्ट शतक के बीच सबसे ज्यादा पारियां
36 - आर अश्विन
32 - सैयद किरमानी
27 - चंदू बोर्डे
26 - विजय मांजरेकर/पॉली उमरीगर/कपिल देव/अजिंक्य रहाणे/केएल राहुल
राहुल 100 रन और गिल 50 रन पर आउट
टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट अहमदाबाद में खेला जा रहा है। मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। मेहमान टीम पहली इनिंग में 162 रन पर सिमट गई। सिराज ने 4 और बुमराह ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
जवाब में टीम इंडिया ने दूसरे दिन 4 विकेट पर 200 से ज्यादा रन बना लिए। केएल राहुल 100 रन और कप्तान शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन 6 और यशस्वी जायसवाल 36 रन बना सके।

