कोहली लगातार दो बार 0 पर आउट: इंटरनेशनल क्रिकेट में 40 बार 0 पर आउट होने वाले पहले भारतीय बैटर बने, 7 महीने बाद वापसी फ्लॉप
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस समय बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की और बुरी तरह फ्लॉप रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में कोहली खाता तक नहीं खोल सके। इस तरह वे वनडे करियर में पहली बार लगातार दो मैचों में 0 पर आउट हुए हैं।
40वीं बार खाता नहीं खोल सके कोहली
इसके अलावा कोहली ने एक और अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में सबसे ज्यादा 40 बार जीरो पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं, जो 34 बार 0 पर आउट हुए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में ओवरऑल सबसे ज्यादा 0 पर आउट होने वाले भारतीय जहीर खान हैं, जो 44 पारियों में खाता नहीं खोल सके थे। लेकिन जहीर एक तेज गेंदबाज थे। विराट बल्लेबाज हैं। इस ओवरऑल लिस्ट में कोहली ने तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की बराबरी की है।
वनडे में 18 पर खाता नहीं खोल सके विराट
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 0 पर आउट होने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है। वे 59 पारियों में खाता नहीं खोल सके थे। कोहली वनडे क्रिकेट में 18 बार जीरो पर आउट हुए हैं। भारतीयों में कोहली से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर (20) और जवगल श्रीनाथ (19) हैं।
कोहली की 7 महीने बाद वापसी फ्लॉप
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है। उन्होंने इसी साल 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। इसके बाद दोनों ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। रोहित और कोहली पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।
अब दोनों सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसे में 7 महीने बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला गया था। इसमें रोहित ने 14 और कोहली ने 8 बॉल खेली थीं। रोहित ने सिर्फ 8 रन बनाए, जबकि कोहली तो खाता भी नहीं खोल सके थे।
फैन्स को उम्मीद थी कि एडिलेड वनडे में कोहली खाता खोलेंगे और बड़ी पारी खेल सकते हैं, लेकिन यह उम्मीद बेमानी रही। कोहली क्रीज पर आए और 4 बॉल खेलकर एक बार फिर खाता नहीं खोल सके। इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा यानी आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी में होगा। देखते हैं यहां कोहली खाता खोल पाते हैं या नहीं।

