भारत-पाकिस्तान मैच TV पर भी मत देखिए : पहलगाम हमले में पति खोने वाली ऐश्न्या बोलीं- लोग इसका बायकॉट करें; आज दुबई में खेला जाना है मुकाबला
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप में भारत-पाक मैच को लेकर विरोध काफी तेज हो गया है। फाइल।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में आज यानी रविवार को भारत और पाकिस्तान का मैच होना है। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर इसका विरोध जारी है। अब इस हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐश्न्या ने मैच के बायकॉट की अपील की है।
न्यूज एजेंसी से बातचीत में ऐश्न्या ने कहा- मैं देश के लोगों से इस मैच के बायकॉट की अपील करती हूं। आपको यह मैच टीवी पर भी नहीं देखना चाहिए। इस मैच के लिए आपको टीवी ऑन तक नहीं करनी चाहिए।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की हत्या की गई थी। इन सभी को मजहब पूछकर गोली मारी गई थी। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान के आतंकी संगठन ने ली थी। भारतीय सेना ने इस आतंकी हमले का जवाब ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दिया था।
BCCI का भी विरोध
ऐश्न्या ने कहा- भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस मामले को लेकर संजीदा नहीं है। उसे इस बात का अहसास ही नहीं है कि जो लोग पहलगाम में मारे गए, उनकी फैमिलीज पर क्या गुजर रही होगी। एक-दो क्रिकेटर्स को छोड़ दिया जाए तो बाकी प्लेयर्स भी विरोध नहीं कर रहे।
ऐश्न्या पूछती हैं- हमारे क्रिकेटर्स क्या कर रहे हैं? कहा तो ये जाता है कि हमारे क्रिकेटर्स राष्ट्रवादी हैं। क्रिकेट को तो आजकल नेशनल गेम की तरह देखा जाता है। अगर एक-दो प्लेयर्स को छोड़ दिया जाए तो कोई इस मैच के विरोध में क्यों नहीं आया? क्यों उन्होंने इस मैच के बायकॉट की अपील नहीं की। बोर्ड प्लेयर्स को बंदूक की नोंक पर तो खेलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। प्लेयर्स को भी देश के लिए खड़ा होना चाहिए था। हालांकि, वो कुछ नहीं कर रहे हैं।
स्पॉन्सर्स से भी सवाल
ऐश्न्या ने आगे कहा- मैं स्पॉन्सर्स और ब्रॉडकास्टर्स से भी पूछना चाहती हूं कि क्या 26 विक्टिम फैमिलीज के लिए उनकी देशभक्ति का जज्बा अब मर चुका है। इस मैच से जो कमाई होगी, उसका क्या इस्तेमाल होगा? पाकिस्तान तो इस कमाई का इस्तेमाल फिर टेरेरिज्म और हमलों के लिए करेगा। वो तो आतंकियों की पनाहगाह है। आप उसको पैसा कमाने दीजिए, वो फिर कोई न कोई आतंकी हमला हमारे देश और हमारे नागरिकों पर कराएगा।
अपोजिशन भी विरोध में
शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट भी भारत और पाकिस्तान के मैच का विरोध कर रहा है। इसके चीफ उद्धव ठाकरे और उनके विधायक बेटे आदित्य ठाकरे ने तो साफ कहा है कि इस मैच को आखिरी वक्त पर भी रद्द करना चाहिए। इसको लेकर केंद्र सरकार और बोर्ड पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा- यह मैच देश की भावनाओं का अपमान है। क्या हम पाकिस्तान के खिलाफ तब भी क्रिकेट खेलते रहेंगे, जब हमारे सैनिक सरहद पर शहीद हो रहे हैं।
शिवसेना (UBT) आज महाराष्ट्र में प्रोटेस्ट भी करेगी। उद्धव ठाकरे ने इसका ऐलान किया। शरद पवार की पार्टी ने भी इस मैच का विरोध किया है।

