विराट कोहली की सेंचुरी का असर: इंडिया-अफ्रीका के बीच तीसरे वनडे के टिकट नहीं बिक रहे थे, अब स्टेडियम हाउसफुल
Published: Updated:
2 min read

विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के शुरुआती दोनों वनडे में सेंचुरी लगाई है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 3 वनडे की सीरीज का आखिरी मुकाबला कल (6 दिसंबर) विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। मैच के लिए टिकट्स की बिक्री एक हफ्ते पहले ही शुरू हो गई थी, लेकिन फैन्स ने उत्साह नहीं दिखाया। टिकट्स की बिक्री बहुत धीमी रही, लेकिन जैसे ही विराट कोहली ने सीरीज के पहले मैच में सेंचुरी लगाई। पूरा मामला ही बदल गया। स्टेडियम फटाफट हाउसफुल हो गया। इस स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 25,000 है।
यह जानकारी आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने ही दी है। ACA अधिकारियों के मुताबिक, टिकट्स की बिक्री 28 नवंबर को शुरू हुई थी, लेकिन शुरुआती रिस्पॉन्स अच्छा नहीं था।
वाइजैग स्टेडियम हाउसफुल
एसोसिएशन ऑफलाइन टिकट काउंटर खोलने की तैयारी कर रहा था, तभी रांची वनडे में कोहली ने सेंचुरी लगाकर हालात बदल दिए। उसके बाद टिकट्स हाथों हाथ बिक गए। अब तीसरे वनडे के लिए वाइजैग स्टेडियम हाउसफुल है।
इंडियन एक्सप्रेस ने ACA की मीडिया टीम के सदस्य वाय वेंकटेश के हवाले से लिखा है- "पहले फेज के टिकट्स की बिक्री 28 नवंबर से शुरू हुई। तब रिस्पांस ज्यादा अच्छा नहीं था। कोहली के रांची में मारे गए शतक के बाद दूसरे और तीसरे फेज के टिकट्स मिनटों में बिक गए।"
रांची-रायपुर में कोहली ने खेली शतकीय पारी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज का पहला वनडे रांची में खेला गया था, जिसमें कोहली ने 135 रन की पारी खेली थी। दूसरा वनडे रायपुर में हुआ, जहां कोहली ने 102 रन बनाए। सीरीज का तीसरा यानी आखिरी मुकाबला कल (6 दिसंबर) विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा।
विराट कोहली लगाएंगे शतकों की हैट्रिक?
विराट को वाइजैग की पिच भी खूब रास आती है। इस ग्राउंड पर वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने यहां 7 वनडे खेले, जिसमें 587 रन बनाए। उनका एवरेज लगभग 98 का रहा। कोहली ने यहां 3 सेंचुरी और 2 फिफ्टी लगाई हैं।
इस लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। हिटमैन ने इस मैदान पर 355 रन बनाए हैं। फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि विराट लगातार तीसरा शतक लगाएंगे।

