व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर प्रोग्राम में फायरिंग: ट्रम्प समेत कई मंत्री मौजूद थे, सिक्योरिटी ऑफिशियल्स ने रेस्क्यू किया; हमलावर पकड़ाया
Published:
4 min read

वाशिंगटन हिल्टन होटल के बालरूम में डिनर इवेंट चल रहा था। इसी दौरान फायरिंग हुई। (फोटो सोर्स: Reuters)
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका में शनिवार (25 अप्रैल) रात को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मौजूदगी वाले एक इवेंट में अंधाधुंध फायरिंग हो गई। जिस जगह ट्रम्प बैठे थे, उसी के ठीक बाहर एक हमलावर ने 7 राउंड गोलीबारी की। हालत यह थे कि इवेंट में मौजूद सभी लोग पूरी तरह घबरा गए। सिक्योरिटी एजेंसी ने ऐसे में सबसे पहले ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया को रेस्क्यू किया। इसके बाद हमलावर से निपटा गया।
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में शनिवार (25 अप्रैल) रात को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर प्रोग्राम चल रहा था। यह एक सालाना इवेंट होता है, जिसमें अमेरिकी सरकार से जुड़े तमाम बड़े लोग मौजूद होते हैं। इस बार यहां ट्रम्प-मेलानिया, वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने परिवारों के साथ आए थे। FBI डायरेक्टर काश पटेल और नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड जैसे तमाम अधिकारी भी इसमें शामिल थे।

वाशिंगटन हिल्टन होटल में चल रहा था डिनर
डिनर इवेंट वाशिंगटन हिल्टन होटल के बालरूम में चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोलीबारी की आवाज आई और बालरूम में अफरा-तफरी मच गई। घटना के जो फोटोज और वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें कार्यक्रम में मौजूद लोगों में खौफ साफ नजर आ रहा है।
एक वीडियो में दिखाई दे रहा है कि गोली चलने की आवाज सुनते ही हॉल में भगदड़ मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन एक्शन लेते हुए सबसे पहले ट्रम्प और मेलानिया को सुरक्षित बाहर निकाला। बाकी अधिकारियों और मंत्रियों को भी फौरन डिफेंड किया गया। इस दौरान हॉल में मौजूद बाकी मेहमान टेबल के नीचे छिप गए। घटना की तमाम तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं...
डिनर हॉल के ठीक बाहर हुई गोलीबारी
फायरिंग बालरूम के ठीक बाहर हुई। हमलावर अंधाधुंध गोलीबारी के जरिए बालरूम में घुसना चाहता था। US सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने तुरंत उसे घेर लिया। फिलहाल वह गिरफ्त में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमलावर की तस्वीर भी जारी की है। फिलहाल हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी को जरूर गोली लगी है। घटना के बाद सभी मेहमानों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया। होटल को सील कर दिया गया और तमाम एजेंसिया जांच में जुट गई।
ट्रम्प ने क्या कहा?
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनकी पत्नी और सभी कैबिनेट मिनिस्टर सेफ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस हादसे के बाद चाहते थे कि डिनर इवेंट चलता रहे लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को अपना काम करना था, इसलिए इसे इवेंट को बीच में ही रोक दिया गया।
इसके बाद ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग की। इसमें उन्होंने कहा- हमारी जिंदगी बेहद खतरनाक है। मुझे लगता है कि मैं इसे अच्छे से हैंडल कर रहा हूं। कई लोग ऐसे हादसों के बाद पूरी तरह टूट जाते हैं लेकिन मैं ऐसा नहीं हूं।
ट्रम्प ने अपनी पत्नी मेलानिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा- मेलानिया कई बार कहती हैं कि आपकी लाइफ खतरे में है लेकिन वह फिर भी हमेशा मेरे साथ रहती हैं। मैं कहूंगा कि मेरे साथ-साथ चलने के कारण उनकी भी जिंदगी उतनी ही खतरे में है, जितनी मेरी है।

हमलावर के बारे में अब तक क्या पता चला?
संदिग्ध हमलावर का नाम कोल थॉमस है। वह 31 साल का है और लास एंजिलिस के टोरांस इलाके में रहता है। उसकी लिंक्डइन प्रोफाइल के जरिए पता चला है कि वह एक टीचर है और वीडियो गेम डेवलपर भी है। वह C-2 एजुकेशन कंपनी में पार्ट-टाइम टीचर है। एलन ने साल 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया । पिछले साल ही उसने कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री पूरी की। फेडरल इलेक्शन कमिशन रिकॉर्ड बताते हैं कि उसने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए कमला हैरिस के इलेक्शन कैंपेन फंड में 25 डॉलर भी दिए थे।
यह भी पढ़ें...

