बजाज ने Pulsar N160 का नया वेरिएंट उतारा: अब मिलेगा गोल्डन USD फोर्क और सिंगल सीट, कीमत 1.16 लाख से शुरू
Published:
2 min read

बजाज का कहना है कि नया मॉडल उन राइडर्स के लिए तैयार किया गया है, जो बेहतर कंफर्ट और फैमिली फ्रेंडली सीटिंग चाहते हैं। (फोटो सोर्स- बजाज ऑटो)
बिजनेस डेस्क। बजाज ऑटो ने Pulsar N160 का नया वेरिएंट मार्केट में उतार दिया है। नए मॉडल में गोल्डन अपसाइड-डाउन (USD) फ्रंट फोर्क्स और सिंगल-पीस सीट है। जिससे बाइक का लुक और कंफर्ट बेहतर हो जाते हैं। यह नया वेरिएंट बजाज डीलरशिप पर मौजूदा N160 के साथ बेचा जाएगा। इसकी कीमत 1,16,773 रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।
क्या बदला है नए Pulsar N160 वेरिएंट में
- गोल्डन USD फ्रंट फोर्क्स: गोल्डन फिनिश वाले USD फोर्क्स बाइक को प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देते हैं। यह फ्रंट-एंड स्टेबिलिटी बढ़ाते हैं। जिससे राइडिंग और स्मूद लगती है।
- सिंगल-पीस सीट: कंपनी का कहना है कि N160 के खरीदार फैमिली राइडर्स ज्यादा है। जिन्हें सिंगल-सीट सेटअप पसंद आता है। इस वजह से नया मॉडल स्प्लिट सीट की जगह सिंगल-पीस सीट के साथ पेश किया गया है।
डिजाइन और कलर ऑप्शन
पल्सर N160 वेरिएंट में मौजूदा N-सीरीज डिजाइन लैंग्वेज को बरकरार रखा गया है, लेकिन USD फोर्क्स इसे बाकी वेरिएंट से अलग पहचान देते हैं। यह चार कलर 'पर्ल मेटालिक व्हाइट', 'रेसिंग रेड', 'पोलर स्काई ब्लू' और 'ब्लैक' में उपलब्ध है।
इंजन और परफॉर्मेंस
इस वेरिएंट के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बाइक में 164cc का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 15hp पावर पर 8,750 rpm और 14Nm टॉर्क पर 6,750 rpm जनरेट करता है। पावर ट्रांसफर के लिए 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
ब्रेकिंग और सस्पेंशन
बाइक की सेफ्टी और राइड क्वालिटी पहली की तरह मजबूत है। फ्रंट डिस्क ब्रेक 300mm और रियर डिस्क ब्रेक 230mm के है। ये ABS से लैस हैं। रियर सस्पेंशन में नाइट्रॉक्स मोनोशॉक है। बाइक में आगे की तरफ 100/80 और पीछे की तरफ 130/70 17 इंच के ट्यूबलेस टायर लगे हैं। नए वेरिएंट में एलईडी लाइटिंग, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, एबीएस राइड मोड, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और डुअल-चैनल डिस्प्ले फीचर्स हैं।
यह भी पढ़ें-
MG Motor का मिडनाइट कार्निवल: 3 दिन आधी रात तक खुले रहेंगे शोरूम, 11 करोड़ के गिफ्ट और स्पेशल ऑफर

