सरकारी कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी: महंगाई भत्ता 60% तक पहुंचने की उम्मीद, अप्रैल में मिल सकता है एरियर का पैसा
Published:
3 min read

अप्रैल की सैलरी के साथ कर्मचारियों को जनवरी से मार्च तक का एरियर मिल सकता है। (फाइल फोटो)
बिजनेस डेस्क। केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी-जून 2026 के महंगाई भत्ते (DA) का इंतजार है। आमतौर पर इसका ऐलान होली के आसपास हो जाता है, लेकिन इस बार देरी होने से एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार मार्च के आखिरी या अप्रैल की शुरुआत में DA बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। नया महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू होगा।
साल में दो बार महंगाई भत्ता तय होता है
महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ते महंगाई के असर को कम करने के लिए दिया जाता है। आसान भाषा में समझें तो जैसे-जैसे चीजों के दाम बढ़ते हैं, वैसे महंगाई भत्ता भी बढ़ाया जाता है, ताकि लोगों की इनकम पर ज्यादा असर न पड़े।
DA तय करने के लिए सरकार 'ऑल-इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स' (AICPI-IW) के 12 महीने के औसत आंकड़ों को आधार बनाती है। इसी के हिसाब से साल में दो बार DA में जनवरी और जुलाई में बदलाव होता है।
हालांकि इसका कोई दिन तय नहीं है, लेकिन अक्सर इसे होली या दीपावली जैसे फेस्टिवल के आसपास घोषित किया जाता है। पिछले साल DA का ऐलान 28 मार्च को हुआ था।

DA कितना बढ़ सकता है और सैलरी पर क्या असर होगा
मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, इस बार DA में 2% की बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह 58% से बढ़कर 60% तक पहुंच सकता है। अगर किसी लेवल 1 के कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपए है। अभी 58% DA के हिसाब से उसे 10,440 मिलते हैं, 60% महंगाई भत्ता होने पर यह बढ़कर 10,800 रुपए हो जाएगा। यानी हर महीने करीब 360 रुपए की बढ़ोतरी होगी।
भले ही सरकार घोषणा कर दें, लेकिन मार्च की सैलरी में बढ़ा हुआ DA शामिल होना मुश्किल है। आमतौर पर प्रोसेसिंग में समय लगता है, इसलिए अप्रैल की सैलरी में नया DA जुड़कर आएगा। साथ ही जनवरी से मार्च का एरियर एक साथ मिलेगा।
DA घोषणा में देरी क्यों हो रही है
इस बार DA के ऐलान में देरी की वजह पे कमीशन का बदलाव है। 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है। 8वां वेतन आयोग लागू होने की प्रक्रिया में है। नई कमीशन को अपनी रिपोर्ट देने के लिए करीब 18 महीने का समय दिया गया है। ऐसे में सैलरी और पेंशन से जुड़े बदलाव आने में वक्त लगना तय है। इस वजह से DA की घोषणा में लेट हो रहा है।
यह भी पढ़ें-
PM Kisan Yojana: क्या आपको भी नहीं मिले 22वीं किस्त के 2000 रुपये; घर बैठे ऐसे करें अपनी शिकायत

