EPFO अब डिजिलॉकर पर भी: PF बैलेंस से लेकर डाक्यूमेंट तक देख और डाउनलोड कर सकते हैं
Published:
2 min read

(सिम्बॉलिक इमेज)
EPFO ने अब अपनी सर्विस डिजिलॉकर पर भी शुरू कर दी है। इसका मतलब है कि अब EPF मेंबर्स UAN कार्ड, पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) और स्कीम सर्टिफिकेट जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स को कभी भी सीधे अपने स्मार्टफोन से देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही PF अकाउंट बैलेंस और पासबुक भी डिजिलॉकर ऐप पर चेक कर सकते हैं।
अभी एंड्रॉयड यूजर्स ही इस्तेमाल कर पाएंगे
पहले लोग UMANG ऐप और EPFO की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए PF पासबुक डाउनलोड कर पाते थे। लेकिन अब डिजिलॉकर के जरिए आप अपने सभी जरूरी EPFO डॉक्यूमेंट्स के साथ-साथ आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दूसरे डॉक्यूमेंट्स भी एक ही ऐप में रख सकते हैं। फिलहाल ये नया ऑप्शन केवल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए है। आईफोन यूजर्स को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

उमंग ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन का ऑप्शन
EPFO ने UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) को एक्टिवेट करना भी आसान बना दिया है। मेंबर्स अब उमंग ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करके इसे एक्टिवेट कर सकते हैं। UAN का एक्टिव होना बेहद जरूरी है। इसके बिना PF बैलेंस चेक नहीं किया जा सकता। बैंक या आधार कार्ड की जानकारी भी अपडेट नहीं कर सकते। साथ ही ऑनलाइन पैसा नहीं निकाल सकते।
ELI (एम्प्लॉयमेंट लिंक्ड इंसेंटिव) स्कीम जैसी नई योजनाओं के लिए भी इसकी जरूरत है। इस स्कीम का उद्देश्य 2 लाख करोड़ रुपए के बजट के साथ चार करोड़ युवाओं को नौकरी और स्किल्स ट्रेनिंग दिलाने में मदद करना है।

