EV रिसेल वैल्यू की टेंशन खत्म: MG मोटर्स ने शुरू किया बॉयबैक प्रोग्राम, 5 साल बाद कंपनी खुद खरीद लेगी आपकी गाड़ी
Published:
3 min read

एमजी मोटर 3 से 5 साल तक एश्योर्ड बाय-बैक प्रोग्राम पेश करने वाला भारत का पहला कार ब्रांड बना। (फोटो सोर्स- JSW MG Motor)
बिजनेस डेस्क। इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। JSW MG Motor ने एक नया और अनोखा प्रोग्राम लॉन्च किया है, जो ग्राहकों को EV व्हीकल खरीदने पर 5 साल तक एश्योर्ड बायबैक की सुविधा देगा। इसका मतलब है कि अब कस्टमर्स पहले से तय वैल्यू पर अपनी EV कार सेल कर सकते हैं।
इस पहल का मकसद इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने से पहले लोगों के मन में आने वाली सबसे बड़ी चिंता 'रीसेल वैल्यू मिलेगी या नहीं' को पूरी तरह खत्म करना है।
MG का नया एश्योर्ड बाय-बैक प्रोग्राम क्या है
MG मोटर का नया प्रोग्राम 'एमजी वैल्यू प्रॉमिस' (एश्योर्ड बायबैक) के नाम से लाया गया है। इसके तहत कस्टमर्स अपनी जरूरत के हिसाब से 3 साल, 4 साल या 5 साल का पीरियड चुन सकते हैं। तय समय पूरा होने पर उन्हें पहले से तय की गई गारंटीड रीसेल वैल्यू मिल जाएगी। कंपनी अब तक 3 साल बाद 60% तक की बायबैक वैल्यू देती थी। अब इस स्कीम को आगे बढ़ाकर 5 साल तक कर दिया गया है। खास बात यह है कि यह स्कीम किसी भी लोन या फाइनेंस स्कीम से जुड़ी नहीं है।
MG ZS EV मालिकों के लिए अच्छी खबर
इस प्रोग्राम का फायदा सिर्फ नए कस्टमर्स ही नहीं, बल्कि मौजूदा MG ZS EV कमर्शियल यूज करने वाले ग्राहक भी उठा सकते हैं। अगर उनकी गाड़ी 3 साल से पुरानी नहीं है या सालाना 60 हजार किमी से कम चली है, तो वे भी इस एश्योर्ड बायबैक स्कीम के तहत रीसेल वैल्यू का फायदा ले सकते हैं।
यह पहली बार है जब भारत में किसी कार ब्रांड ने पुराने EV ग्राहकों को भी इस तरह की सुविधा दी है। इस प्रोग्राम की सबसे खास बात यह है कि तय पीरियड पूरा होने के बाद कस्टमर्स पर कोई दबाव नहीं रहेगा। अगर चाहें तो कार अपने पास रख सकते हैं, या तय कीमत पर MG को वापस कर सकते हैं, या नई MG EV कार में अपग्रेड भी कर सकते हैं। इससे ग्राहकों को पूरा कंट्रोल और फाइनेंशियल क्लैरिटी मिलती है।
JSW MG Motor के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग महरोत्रा ने कहा
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) अनुराग महरोत्रा ने कहा, 'MG हमेशा से ग्राहक को ध्यान में रखकर फैसले लेता आया है। पहले कंपनी ने बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS)और EV बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी जैसे कदम उठाए थे।'
उन्होंने कहा कि रीसेल वैल्यू को लेकर जो चिंता लोगों के मन में रहती है, उसे खत्म करने के लिए यह नया एश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम शुरू किया गया है। 3 से 5 साल तक की गारंटीड रीसेल वैल्यू देकर कंपनी भारत में EV अपनाने की रफ्तार बढ़ाना चाहता है।
इस पूरे प्रोग्राम में जुनो जनरल इंश्योरेंस पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। कंपनी के CEO शनय घोष ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भविष्य है। ऐसे में इंश्योरेंस और सेफ्टी से जुड़े आसान और ट्रांसपेरेंट समाधान जरूरी हैं। उन्होंने कहा, 'MG Motor के साथ यह पार्टनरशिप ग्राहकों के लिए लंबी अवधि की सुरक्षा और भरोसा देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।'

