मुंबई में कमर्शियल LPG सिलेंडर्स की किल्लत : एसोसिएशन का दावा- 20% होटल-रेस्टोरेंट बंद, सप्लाई नहीं बढ़ी तो आंकड़ा 50% पहुंच सकता है
Published:
4 min read

एसोसिएशन ने कहा, यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में मुंबई के करीब आधे होटल बंद हो सकते हैं। (फाइल फोटो)
बिजनेस डेस्क। मुंबई में कमर्शियल LPG की सप्लाई घट गई है। इसके चलते अब तक शहर के 20% होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर गैस सप्लाई नहीं बढ़ी तो अगले दो दिनों में शहर के 50% तक होटल बंद हो सकते हैं।
ज्यादातर रेस्टोरेंट मौजूदा LPG स्टॉक पर निर्भर
AHAR ने कहा, अभी जो रेस्टोरेंट चालू हैं वे मौजूदा LPG स्टॉक पर निर्भर हैं। इसका मतलब कि हर होटल या रेस्टोरेंट के पास कितना गैस स्टॉक है, उसी के आधार पर वे कुछ दिन और काम चला पाएंगे। जिनके पास ज्यादा स्टॉक है, वे थोड़े समय तक और खुले रह सकते हैं। हालांकि, जिनके पास स्टॉक कम या खत्म हो चुका है, वे जल्दी बंद हो सकते हैं। अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में मुंबई के करीब आधे होटल बंद हो सकते हैं।
AHAR ने कहा- हमने बंद करने का फैसला नहीं किया
AHAR ने कहा कि एसोसिएशन की तरफ से होटल और रेस्टोरेंट को बंद करने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। होटल या रेस्टोरेंट को खुला रखने या कुछ समय के लिए बंद करने का फैसला पूरी तरह से मालिक पर निर्भर करेगा। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कई रेस्टोरेंट और होटल ने गैस सप्लाई में कमी की वजह से मेनू से आइटम कम कर दिए हैं।
बेंगलुरु-चेन्नई में भी सिलेंडर सप्लाई में कमी
LPG सिलेंडर सप्लाई की दिक्कत केवल मुंबई तक ही सीमित नहीं है। बेंगलुरु और चेन्नई में भी रेस्टोरेंट मालिकों ने इसकी शिकायत की है। बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने सोमवार को कहा कि शहर के होटल और रेस्टोरेंट में 10 मार्च से सिलेंडर की दिक्कतें हो सकती हैं। इसी बीच चेन्नई होटल्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा है। इसमे कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई बढ़ाने के लिए रिक्वेस्ट की गई है।

रिफाइनरीज को LPG प्रोडक्शन बढ़ाने के आदेश
5 मार्च को भारत सरकार ने रिफाइनरी कंपनियों को LPG प्रोडक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डोमेस्टिक सप्लाई को प्रायोरिटी देने को कहा। ये निर्देश ग्लोबल मार्केट में चल रही अनिश्चितताओं की वजह से दिए गए, ताकि देश में कुकिंग फ्यूल की उपलब्धता बनी रहे। सरकार ने रिफाइनरीज से कहा कि वे LPG को केवल तीन सरकारी भारतीय ऑयल कंपनियों को बेचें। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) शामिल है। आदेश में रिफाइनरीज से ये भी कहा गया कि वे पेट्रोकेमिकल प्रोडक्शन में प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल न करें। बल्कि इसका यूज LPG में किया जाए। पूरी खबर पढ़ें...
सरकार का दावा- हमारे पास क्रूड का पर्याप्त स्टॉक
हालांकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने कहा है कि भारत में फ्लूय का पर्याप्त स्टॉक हैं। सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है। लोगों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं, पेट्रोल पंप पर भीड़ न लगाएं और सटीक जानकारी के लिए केवल ऑफिशियल सोर्स पर भरोसा करें। वहीं सरकारी सूत्रों ने कहा था कि भारत क्रूड ऑयल, पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स और LPG की उपलब्धता के मामले में बहुत अच्छी स्थिती में है। अधिकारियों ने बताया था कि क्रूड ऑयल की घरेलू डिमांड पूरी करने के लिए पर्याप्त स्टॉक है।
हाल के सालों में रूस और अमेरिका जैसे देशों से इंपोर्ट बढ़ाकर सप्लाई सेफ्टी मजबूत की गई है। सरकार का कहना है कि भारत के पास कुल क्रूड ऑयल और रिफाइंड पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का स्टॉक इतना है कि 50 दिनों तक चल सकते हैं। इसमें 25 दिनों का क्रूड ऑयल और 25 दिनों के पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स शामिल हैं।

