Vedanta के चेयरमैन के बेटे का निधन: अनिल अग्रवाल बोले- आज मेरी जिंदगी का सबसे काला दिन, दर्द शब्दों में बयां नहीं कर सकता
Published:
3 min read

चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बेटे अग्निवेश के साथ की फोटो X पोस्ट में शेयर की।
बिजनेस डेस्क। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को न्यूयॉर्क के अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। कुछ दिन पहले अमेरिका में स्कीइंग के दौरान वे घायल हो गए थे। इसके बाद से न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। अग्रवाल ने बुधवार रात X पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा- आज मेरी जिंदगी का सबसे काला दिन है। मेरा प्यारा बेटा अग्निवेश हमें बहुत जल्द ही छोड़ कर चला गया। वो महज 49 साल के था, स्वस्थ था, जीवन से भरपूर था और उसके बहुत सारे सपने थे। अमेरिका में स्कीइंग हादसे के बाद से न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। हमें लगा था कि वह जल्दी ही ठीक हो जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अचानक दिल का दौरा पड़ने से हमारा बेटा हमसे छीन गया।
उन्होंने कहा- किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को अलविदा कहने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पिता से पहले बेटा छोड़कर कैसे जा सकता है। इस दुख ने हमें इस तरह तोड़ दिया है कि हम अभी भी इससे बाहर नहीं आ पा रहे हैं। मुझे आज भी वो दिन याद है जब 3 जून 1976 को पटना में अग्नि का जन्म हुआ था। एक मिडिल क्लास बिहारी फैमिली में पैदा हुआ वो लड़का ताकत, दया और उद्देश्य से भरा इंसान बन गया। वो अपनी मां की जिंदगी की रौशनी था, बहन का रक्षक भाई था, वफादार दोस्त था।
अनिल अग्रवाल ने कहा, मेरा और बेटे का एक सपना था कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए, किसी भी बच्चे को शिक्षा से दूर न रखा जाए, हर महिला आत्मनिर्भर हो और हर युवा भारतीय को रोजगार मिले। मैंने अग्नि से वादा किया था कि हमारी कमाई का 75% से ज्यादा हिस्सा समाज को दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी X पोस्ट में जताया शोक

अग्निवेश का करियर और रोल
अग्निवेश अग्रवाल वेदांता ग्रुप और उससे जुड़ी कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वे पहले हिंदुस्तान जिंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थे। 2019 में इस पद से हट गए। वे वेदांता द्वारा प्रमोटेड कंपनी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन थे।
इसके अलावा वे UAE में कीमती धातुओं की रिफाइनरी फुजैराह गोल्ड FZC के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी रहे। इसकी स्थापना 2009 में हुई थी और तब से वे अलुवर्क्स लिमिटेड के बोर्ड में शामिल थे। उन्होंने ग्रुप की अन्य सब्सिडियरी कंपनियों जैसे ट्विन स्टार इंटरनेशनल लिमिटेड और स्टर्लाइट डिस्प्ले टेक्नोलॉजीज में भी डायरेक्टरशिप संभाली।
ज्यादातर निवेश हेल्थकेयर सेक्टर में था
अग्निवेश की शादी पूजा बांगर से हुई थी। पूजा श्री सीमेंट कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हरि मोहन बांगर की बेटी हैं। वहीं अग्निवेश की बहन का नाम प्रिया अग्रवाल हेब्बर है। प्रिया अभी हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन हैं और वेदांता कंपनी में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं। अग्निवेश अग्रवाल परिवार के अरबों की संपत्ति का हिस्सेदार थे। अग्निवेश खुद भी एंजेल इन्वेस्टर थे। उनका ज्यादातर निवेश हेल्थकेयर सेक्टर में था।

