Vivo X300s के स्पेसिफिकेशन रिवील: 7100mAh बैटरी और अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट; 200MP का Zeiss कैमरा भी मिलेगा
Published:
3 min read

Vivo X300s में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.78 इंच का डिस्प्ले मिलेगा। (फोटो सोर्स- 91mobiles)
टेक डेस्क। वीवो अपना नया प्रीमियम स्मार्टफोन 'Vivo X300s' लॉन्च करने की तैयारी में है। लॉन्च के पहले कंपनी ने इसके कई फीचर्स कंफर्म कर दिए हैं। इस स्मार्टफोन में 7100mAh बैटरी, कूलिंग सिस्टम और गेमिंग व परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने वाली टेक्नोलॉजी मिलने वाली है। कंपनी के मुताबिक, यह डिवाइस 'Vivo X300s' नाम से लॉन्च होगा। पहले खबरें आ रही थीं कि इसे 'Vivo X300 Max' नाम से पेश किया जा सकता है।
Vivo X300s में 7100mAh की बैटरी
कंपनी के प्रोडक्ट मैनेजर हान बोक्सियाओ (Han Boxia) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर पोस्ट करके बताया कि Vivo X300s में 7100mAh की ब्लू ओशन बैटरी होगी। कंपनी का कहना है कि यह बैटरी फोर्थ जनरेशन की सिलिकॉन-एनोड टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है। इस टेक्नोलॉजी की मदद से बैटरी ज्यादा पावर स्टोर कर सकती है।
वहीं, वीवो ने स्मार्टफोन में Ice Pulse Fluid VC कूलिंग सिस्टम दिया है। इसमें वापर-चैंबर हीट डिसिपेशन प्लेट लगाया गया है। कंपनी का कहना है कि इससे गेमिंग के दौरान हीट मैनेजमेंट बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें- Xiaomi 17 लॉन्च: Leica का ट्रिपल कैमरा सेटअप, 100W फास्ट चार्जिंग और AI फीचर्स; देखें कीमत, फीचर्स और सेल डेट
अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट 2.0 से फास्ट और आसान अनलॉक
Vivo X300s में अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट 2.0 टेक्नोलॉजी दी जाएगी, जिससे अगर उंगलियां गीली हो तब भी फोन को अनलॉक किया जा सकता है। यह पिछले वर्जन की तुलना में 15% ज्यादा तेज काम करेगी। हैंडसेट में USB 3.2 जेन 1 सपोर्ट मिलेगा, जिसकी डेटा ट्रांसफर स्पीड 5Gbps तक होगी। वीवो का कहना है कि यह स्पीड पिछले जनरेशन के मुकाबले 10 गुना तेज है।
बायपास चार्जिंग और माइक्रो पावर जीनियस जैसे स्मार्ट फीचर्स
स्मार्टफोन में ग्लोबल डायरेक्ट ड्राइव पावर सप्लाई 2.0 या बायपास चार्जिंग फीचर मिलेगा। पहले यह फीचर सिर्फ गेम खेलते समय काम करता था, लेकिन अब वीडियो स्ट्रीमिंग, पढ़ाई या अन्य कामों के दौरान इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसके अलावा डिवाइस में माइक्रो पावर जीनियस 2.0 फीचर भी होगा। अगर स्मार्टफोन बंद होकर फिर से स्टार्ट होता है, तो यह फीचर आखिरी इस्तेमाल किए गए ऐप या टास्क को वहीं से शुरू कर देता है। कंपनी ने Vivo X300s में 'मॉन्स्टर सुपर कार इंजन' नाम का खास सिस्टम दिया है, जो फोन की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाता है।
यह भी पढ़ें- Vivo T5x 5G लॉन्च डेट कंफर्म: 17 मार्च को होगी एंट्री, AnTuTu स्कोर 10 लाख के पार; 7200mAh बैटरी से लैस होगा फोन
बेहतर नेटवर्क के लिए गेमिंग सिग्नल सिस्टम
Vivo X300s में गेमिंग कनेक्टिविटी के लिए यूनिवर्सल सिग्नल एम्प्लीफिकेशन सिस्टम होगा। इसमें कंपनी का गेमिंग एंटीना, फोर-कोर Wi-Fi एन्हांसमेंट और AI eSports सिग्नल इंजन 2.0 शामिल है। इस टेक्नोलॉजी की हेल्प से गेमिंग के दौरान कनेक्शन ड्रॉप की प्रॉब्लम नहीं होगी।
फोन में 6.78 इंच का डिस्प्ले मिलेगा, जो 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। डिस्प्ले में BOE Q10 प्लस ल्यूमिनेसेंट मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है, जो स्क्रीन की क्वालिटी को बेहतर बनाता है। इसके साथ सर्कुलर पोलराइज्ड लाइट 2.0 टेक्नोलॉजी दी जाएगी, जिससे आंखों को कम थकान महसूस होगी। वीवो का दावा है कि यह फोन गेम्स में 144fps तक नेटिव गेमप्ले सपोर्ट कर सकता है।
Zeiss के साथ 200MP कैमरा और डुअल स्पीकर सेटअप
फोन में Zeiss-ट्यून 200MP का रियर कैमरा होगा। इसके अलावा सिमेट्रिकल ड्यूल स्पीकर सेटअप मिलेगा, जो ऑडियो डिटेल्स को बेहतर बनाता है।

