बाबा महाकाल की शरण में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर: भस्म आरती में हुए शामिल, भारत-न्यूजीलैंड मैच से पहले लिया आशीर्वाद
Published:
2 min read

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और बैटिंग कोच शीतांशु कोटक भस्म आरती में शामिल हुए
उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर शुक्रवार सुबह भक्ति और श्रद्धा में लीन नजर आए। इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले अहम वनडे मुकाबले से पहले गंभीर, बल्लेबाजी कोच शीतांशु कोटक के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे। दोनों कोचों ने ब्रह्म मुहूर्त में आयोजित भस्म आरती में भाग लेकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान
सुबह करीब 4 बजे गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक महाकाल मंदिर पहुंचे। चांदी द्वार से विधिवत प्रवेश कर दोनों ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ध्यान साधना की और बाबा महाकाल से टीम इंडिया की सफलता के लिए प्रार्थना की।
जलाभिषेक और विशेष पूजन भी किया
भस्म आरती के पश्चात दोनों कोचों ने मंदिर की देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन किए। नंदी पर जल अर्पित किया और विशेष पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर में गंभीर पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगे नजर आए।
मंदिर समिति ने किया स्वागत-सत्कार
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक का स्वागत किया। उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
दर्शन के बाद गौतम गंभीर ने कही ये बात
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा- सबसे पहली बात तो यह है कि बाबा ने मुझे बुलाया, मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला। दर्शन बहुत शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहे। मुझे पूरा विश्वास है कि बाबा मुझे फिर से बुलाएंगे और मैं दोबारा यहां जरूर आऊंगा। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
इंदौर में भारत–न्यूजीलैंड तीसरा वनडे
गौरतलब है कि 18 जनवरी को इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा वनडे मुकाबला खेला जाना है। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने उतरेगी। इससे पहले राजकोट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह है।
मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक का सम्मान हुआ।
गौतम गंभीर, हेड कोच, भारतीय क्रिकेट टीम

