बिहार में PM मोदी को अपशब्द कहे गए: नारेबाजी कर रहे लोग कांग्रेस का झंडा लिए थे; BJP प्रवक्ता बोले- ये राहुल ने करवाया
Published:
3 min read

विवादास्पद वीडियो दरभंगा के सिमरी विठौली का बताया जा रहा है। राज एक्सप्रेस इसकी पुष्टि नहीं करता।
बिहार में जारी राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में PM मोदी और उनकी मां के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। सोशल मीडिया पर इसका एक कथित वीडियो सामने आया है। नारेबाजी कर रहे लोग कांग्रेस का झंडा लिए थे। वीडियो में जो बातें कही गईं हैं, उनको एक जिम्मेदार मीडिया हाउस के नाते ‘राज एक्सप्रेस’ लिख भी नहीं सकता।
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने इससे पल्ला झाड़ लिया। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा- हमारी पार्टी ऐसी भाषा का समर्थन नहीं करती। हालांकि, BJP ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने ऑफिशियली कहा- राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के यात्रा मंच से प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई।
नारेबाजी करते वक्त गालियां दी गईं
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में PM मोदी और उनकी मां के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा। एक कार्यकर्ता ने तो मंच से नारेबाजी भी की। नारेबाजी करते वक्त गालियां दी गईं। विवादास्पद वीडियो दरभंगा के सिमरी विठौली का बताया जा रहा। राहुल गांधी बुधवार को दरभंगा में ही थे।
फिलहाल, ये साफ नहीं हो सका है कि नारेबाजी राहुल के भाषण के पहले हुई या बाद में। राज एक्सप्रेस वीडियो की ऑन्थेटिसिटी की भी पुष्टि नहीं करता।
BJP प्रवक्ता बोले- ये राहुल ने करवाया
बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा- कांग्रेस ने PM मोदी और उनकी मां का अपमान किया है। राहुल गांधी खुद को युवराज समझते हैं। उन्हें PM से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- राहुल गांधी PM मोदी के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, साथ ही अपने कार्यकर्ताओं से करवा दे रहे हैं, ये सहन नहीं की जा सकती। आपको देश से माफी मांगनी चाहिए। बिहार के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे।
BJP का ट्वीट..

कांग्रेस नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे लेकर भाजापा ने पटना में शिकायत दर्ज करा दी है। ये शिकायत कांग्रेस नेता नौशाद के खिलाफ कराई गई है। रिपोर्ट्स में दावा है कि उस वक्त उन्हीं की अगुवाई में ही ऐसी अभद्र नारेबाजी हुई थी। हालांकि, नौशाद का कहना है कि जिस वक्त ये सब हुआ, वो मंच पर मौजूद नहीं थे।

