नए साल में कैसे मिलेगी एशिया कप ट्रॉफी: नकवी ने कहा- दुबई आकर लेना होगा; भारतीय अंडर-19 टीम की शिकायत भी की
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप 2025 का फाइनल 28 सितंबर को दुबई में खेला गया था। इसमें इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच स्थिति जस की तस बनी हुई है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी ने इस मामले में एक बार फिर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इंडिया को यदि यह ट्रॉफी लेनी है, तो मेरे हाथ से ही लेनी होगी और इसके लिए दुबई आना होगा। साथ ही नकवी ने कहा कि उन्होंने हाथ नहीं मिलाने के चलते भारतीय अंडर-19 टीम की शिकायत भी की है।
दरअसल, नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और पाकिस्तानी सरकार में गृह मंत्री भी हैं। यही वजह थी कि भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम मैनेजमेंट ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था।
नकवी के पास ही है एशिया कप ट्रॉफी
टीम इंडिया ने तीन महीने पहले पाकिस्तान को हराकर ही यह खिताब जीता था। यह फाइनल 28 सितंबर 2025 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। तब इंडिया ने कहा था कि वे नकवी की बजाय ICC या किसी दूसरे अधिकारी के हाथों से ट्रॉफी लेंगे।
मगर नकवी ने यह बात नहीं मानी और अपने हाथ से ट्रॉफी देने पर अड़ गए। जब बात नहीं बनी तो नकवी एशिया कप ट्रॉफी को अपने साथ लेकर चले गए थे। यह ट्रॉफी अब भी उनके ही पास है।
भारतीय कप्तान को दुबई भेजना होगा
अब 2025 को अलविदा कहने और नए साल 2026 का वेलकम करने का समय आ गया है। ऐसे में नकवी से लाहौर में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिर यही एशिया कप ट्रॉफी को लेकर सवाल किया गया। क्या टीम इंडिया को नए साल में यह ट्रॉफी मिल पाएगी?
एक रिपोर्टर ने पूछा- ट्रॉफी अभी ACC के ऑफिस में ही है। क्या इंडिया ने इसको लेकर कोई कॉन्टैक्ट किया है क्या? इसके जवाब में नकवी ने वही बात दोहराई, जो इससे पहले कई बार कह चुके हैं।
इस पर नकवी ने कहा- एशिया कप ट्रॉफी देने के मामले में अभी भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। यदि भारतीय टीम को ट्रॉफी चाहिए, तो उन्हें अपने कप्तान को दुबई भेजना होगा और मेरे हाथों से ही ट्रॉफी लेनी होगी।
भारतीय अंडर-19 टीम की शिकायत
हाल ही में अंडर-19 एशिया कप खेला गया, जिसके फाइनल में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को हराकर खिताब जीता था। इस मैच में भी भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। इस पर नकवी ने कहा कि PCB ने इसकी शिकायत इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से की है।
हमें भी हैंडशेक का कोई शौक नहीं है
नकवी ने कहा- हमारा आज भी यही विश्वास है। खुद प्रधानमंत्री ने मुझसे दो बार कहा है कि इन सारी चीजों (खेल) में राजनीति मत लाओ। हमारा पहले दिन से यही स्टांस है कि क्रिकेट और राजनीति अलग-अलग रहने चाहिए। आपको सरफराज अहमद (पाकिस्तान अंडर-19 के कोच) ने बताया होगा कि उस दिन कैसा एटीट्यूड था।
अगर उन्हें (इंडिया) हैंडशेक नहीं करना है, तो हमें भी हैंडशेक का कोई शौक नहीं है। जो भी होगा इंडिया के साथ बराबरी से ही होगा। आगे भी ऐसा ही चलेगा। ये नहीं होगा सकता कि वे कुछ और करें और हम पीछे हट जाएं। ये नहीं होगा।

