बांग्लादेश की टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान: हिंदू क्रिकेटर लिटन दास को कप्तानी, मुस्तफिजुर रहमान को भी जगह
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इस साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम की कप्तानी हिंदू क्रिकेटर लिटन दास को मिली है। जबकि IPL से बाहर होने वाले तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भी टीम में जगह मिली है।
टॉप-ऑर्डर बैटर सैफ हसन को उपकप्तान बनाया गया है। रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद और तौहीद हृदोय भी टीम में शामिल हैं। इस बार यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
जाकिर और शांतो टीम से बाहर
हैरानी की बात ये है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज जाकिर अली और पूर्व ऑल-फॉर्मेट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को टीम में जगह नहीं मिली है। जाकिर ने एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में टीम इंडिया के खिलाफ कप्तानी भी की थी।
विकेटकीपर बैटर लिटन दास बांग्लादेश के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम
लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, मोहम्मद तौहिद हृदोय, मोहम्मद शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शाक महेदी हसन, मोहम्मद रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मोहम्मद शैफ उद्दीन और एमडी शोरफुल इस्लाम।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल, इटली
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

