अब तो हद पार कर दी: गर्लफ्रेंड को लेकर पैपराजी पर भड़के हार्दिक पंड्या, कहा- हर एंगल से फोटो लेने की क्या जरूरत
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने पैपराजी पर गुस्सा निकाला है। उनका यह गुस्सा गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा की फोटो और वीडियो को लेकर है। उन्होंने कहा कि पैपराजी ने अब तो हद पार कर दी। हर एंगल से फोटो लेने की क्या जरूरत है। महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
दरअसल, माहिका मुंबई के एक रेस्टोरेंट गई थीं। यहां से निकलते समय पैपराजी ने उन्हें कैप्चर किया। इसके कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
यह फोटो और वीडियो पंड्या को पसंद नहीं आए। माहिका इस दौरान उप्स मूवमेंट का शिकार हुई थी। ऐसे में पंड्या ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
सभी को अपनी हद तय करनी चाहिए
पंड्या ने इंस्टा स्टोरी में लिखा- मैं यह समझता हूं कि पब्लिक के बीच रहने पर अटेंशन में बने ही रहते हैं। स्क्रूटनी भी होती रहती है, लेकिन आज तो हद ही पार हो गई। माहिका बांद्रा में एक रेस्टोरेंट से सामान्य तौर पर ही सीढ़ियां उतर रही थी, तभी पैपराजी ने ऐसे एंगल से कैप्चर करने का फैसला किया, जहां से किसी भी महिला की फोटो खींचना सही नहीं है।
उन्होंने कहा- एक प्राइवेट मोमेंट को सस्ती सी सनसनी बनाई गई। यह किसी हेडलाइन्स या किसने क्या क्लिक किया, उसके बारे में नहीं बल्कि बेसिक रिस्पेक्ट के बारे में है। महिलाएं सम्मान की हकदार हैं। सभी को अपनी हद तय करनी चाहिए।
हर चीज को कैप्चर करने की जरूरत नहीं
ऑलराउंडर पंड्या ने आगे लिखा- मीडिया के मेरे भाई हर दिन कड़ी मेहनत करते हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं और हमेशा कॉपरेट भी करता हूं, लेकिन मैं आप सभी से रिक्वेस्ट करता हूं कि थोड़ा ध्यान रखिए। हर किसी को कैप्चर करने की जरूरत नहीं है। हर एंगल को भी कैप्चर करने की जरूरत नहीं है। आइए थोड़ी इंसानियत बनाए रखें।
दरअसल, नताशा स्टेनकोविच से तलाक के बाद पंड्या 24 साल की मॉडल माहिका को डेट कर रहे हैं। अक्सर दोनों साथ नजर आते हैं। दोनों सोशल मीडिया पर भी एकदूसरे के साथ फोटो-वीडियो शेयर करते हैं। पंड्या इसी साल 11 अक्टूबर को 32 साल के हुए। उन्होंने माहिका के साथ मालदीव में बर्थडे सेलिब्रेट किया था।
इस तरह पंड्या-नताशा का तलाक हुआ
हार्दिक पंड्या ने 31 मई 2020 को सर्बियाई मॉडल नताशा स्टेनकोविच से शादी की थी। 30 जुलाई 2020 को हार्दिक पंड्या एक बेटे के पिता भी बने। बेटे का नाम अगस्त्या है। 14 फरवरी 2023 को पंड्या ने नताशा से दोबारा शादी की और एक शानदार रिसेप्शन भी दिया था।
हालांकि उनकी यह खुशियां ज्यादा दिन नहीं चल सकीं। दोनों में किसी कारण से विवाद हुआ और वे अलग रहने लगे। 18 जुलाई 2024 को पंड्या ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वो और नताशा अलग हो गए हैं। दोनों का तलाक हो चुका है।
कौन हैं मॉडल माहिका शर्मा?
माहिका शर्मा एक योग ट्रेनर और फेमस मॉडल हैं। उन्हें IFA मॉडल ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला है। माहिका ऑस्कर विनर डायरेक्टर ऑरलैंडो वॉन आइंसीडल की डॉक्यूमेंट्री इंटू द डस्क में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने 2019 में रिलीज हुई फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी में भी काम किया है।
इसके अलावा माहिका ने कई एड और म्यूजिक वीडियो में काम किया है। वह एक सर्टिफाइड लीन सिक्स सिग्मा ब्लैक बेल्ट भी हैं। माहिका ने दिल्ली, गुजरात और अमेरिका में पढ़ाई की है।

