टी20 वर्ल्ड कप-न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम का ऐलान: गिल और जितेश बाहर, अक्षर उपकप्तान; ईशान-रिंकू की वापसी
Published: Updated:
4 min read

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब जीता था। वे टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार कप्तानी करेंगे।
स्पोर्ट्स डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। चोटिल शुभमन गिल को बाहर किया गया है। उनकी जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया। ईशान किशन और रिंकू सिंह की भी एंट्री हुई है। जबकि जितेश शर्मा को बाहर किया गया।
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने बताया कि पहले विकेटकीपर संजू सैमसन रहेंगे। ईशान किशन दूसरे विकेटकीपर होंगे। हालांकि यह दोनों ही ओपनिंग में मोर्चा संभालने की ताकत रखते हैं।
स्टैंडबाई प्लेयर्स का सिलेक्शन क्यों नहीं किया?
इसके जवाब में सैकिया ने कहा कि जब टूर्नामेंट विदेश में होता है तभी स्टैंडबाई प्लेयर्स के सिलेक्शन की जरूरत होती है। इस बार टी20 वर्ल्ड कप हमारे ही घर में हो रहा है। यानी भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहा है। इसी वजह से स्टैंडबाई प्लेयर्स का सिलेक्शन नहीं किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का ऐलान किया
टीम सिलेक्शन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मीटिंग शनिवार (20 दिसंबर) को हुई। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का ऐलान किया गया। कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और सैकिया मौजूद रहे।
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 1.30 बजे होनी थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की फ्लाइट लेट हो गई थी। इस कारण प्रेस कॉन्फ्रेंस देरी से शुरू हुई।
सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।
गिल और सूर्या खराब फॉर्म से जूझ रहे
शुभमन गिल इस समय टी20 इंटरनेशनल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे मैच में लगाई थी। इसके बाद से गिल ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से 377 रन बनाए हैं।
इसी दौरान गिल से ज्यादा खराब प्रदर्शन कप्तान सूर्यकुमार यादव का रहा है। उन्होंने 31 मैच खेले, जिसमें 17.92 का एवरेज रहा। इस दौरान सूर्या ने 2 फिफ्टी लगाते हुए 448 रन बनाए।
जनवरी में न्यूजीलैंड से टी20 सीरीज
भारतीय टीम साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज से करेगी, जो जनवरी में ही होगी। दोनों टीम के बीच 3 वनडे और 5 T20I की सीरीज होगी। पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 11 जनवरी, 14 जनवरी और 18 जनवरी को वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे।
21 से 31 जनवरी के बीच 5 टी20 की सीरीज होगी। इसकी शुरुआत नागपुर से होगी। दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में होना तय है। 28 जनवरी को वाइजैग में चौथा T20 होगा । 31 जनवरी को आखिरी T20 तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
इसके बाद T20I वर्ल्ड कप होगा
T20I वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इस बार भारतीय टीम पहली बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यह टूर्नामेंट खेलेगी।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसी दौरान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने T20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद टीम में काफी बदलाव आए हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें खेलेंगी
इंडिया, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, इटली, नीदरलैंड्स, नामीबिया, जिम्बाब्वे, नेपाल, UAE और ओमान।

