इंडियन बैटर्स स्ट्राइक रेट में कोसों आगे: अभिषेक और सूर्या के बराबर वेस्टइंडीज में कोई नहीं; देखिए पूरा कम्पैरिजन
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम का आखिरी मैच आज (1 मार्च) को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है। यह मैच जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगी। दोनों टीम की ताकत उनकी पावर हिटिंग है। हालांकि स्ट्राइक रेट पर नजर डालें तो टीम इंडिया काफी आगे नजर आती है।
कम्पैरिजन करने पर देखा गया है कि भारतीय टीम के टॉप-4 बैटर्स का जो स्ट्राइक रेट है, उसके बराबर मौजूदा वेस्टइंडीज टीम में किसी भी बैटर का नहीं है।

अभिषेक का स्ट्राइक रेट 190.92
भारतीय टीम में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट 190.92 रखने वाले प्लेयर अभिषेक शर्मा हैं। दूसरा नंबर कप्तान सूर्यकुमार यादव का है, जिनका स्ट्राइक रेट 163.37 का है।
दूसरी ओर वेस्टइंडीज की टीम में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट 148.83 शेरफेन रदरफोर्ड का है। उनके बाद दूसरा नंबर रोमारियो शेफर्ड का है, जिनका स्ट्राइक रेट 145.21 का है। यानी साफ है कि मौजूदा वेस्टइंडीज टीम में किसी भी बैटर का स्ट्राइक रेट 150 का नहीं है।

ग्रुप-1 का सिनेरियो क्लियर
जिम्बाब्वे के खिलाफ इंडिया की जीत के बाद सुपर-8 के ग्रुप 1 का पूरा सिनेरियो क्लियर हो गया है। साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। जबकि जिम्बाब्वे बाहर हो गई है।
अब भारतीय टीम को सुपर-8 में अपना तीसरा यानी आखिरी मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। यह मैच जीतने वाली टीम ही सेमीफाइनल में एंट्री करेगी। यह मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा।

