शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत को 6 मेडल: सिमरनप्रीत ने जीता गोल्ड, मनु भाकर खाली हाथ
Published: Updated:
2 min read

सिमरनप्रीत सिंह ने वुमन्स कैटेगरी के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड जीता है। (@ISSF)
स्पोर्ट्स डेस्क. ISSF वर्ल्ड कप फाइनल 2025 में भारतीय शूटर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत अभी 6 मेडल जीतकर दूसरे नंबर पर है। वर्ल्ड कप कतर की राजधानी दोहा में चल रहा है, जिसमें 21 साल की सिमरनप्रीत कौर ने गोल्ड पर निशाना साधा। जबकि ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर खाली हाथ रहीं।
सिमरनप्रीत ने गोल्ड जीता
भारत ने अब तक दो गोल्ड, 3 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज जीता है। चीन 8 मेडल के साथ टॉप पर है। सिमरनप्रीत ने वुमन्स कैटेगरी के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड जीता है। उन्होंने 41/50 स्कोर के साथ पेरिस ओलंपिक चैम्पियन यांग जी-इन (Yang Ji-in) के जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
इस वर्ल्ड कप में रिपब्लिक ऑफ कोरिया की यांग जी-इन चौथे नंबर पर रहीं। जबकि चीन की याओ कियानशुन (Yao Qianxun) ने 36/50 स्कोर के साथ सिल्वर और जर्मनी की डोरीन वेनकैंप (Doreen Vennekamp) ने 30/45 स्कोर के साथ ब्रॉन्ज जीता।
ऐश्वर्य और अनीश को सिल्वर
मेन्स कैटेगरी में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अनीश भनवाल ने सिल्वर मेडल जीता है। अनीश ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में यह मेडल अपने नाम किया। जबकि ऐश्वर्य ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में मेडल जीता।
मनु भाकर ने फैन्स को निराश किया है। वे वुमन्स कैटेगरी के 25मीटर पिस्टल क्वालिफाइंग राउंड से ही बाहर हो गईं। वे 9वें नंबर पर रही थीं। जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में पांचवें नंबर पर रहीं। इस तरह बगैर मेडल के ही टूर्नामेंट में उनका सफर खत्म हो गया।
इस तरह सिलेक्ट होते हैं 10 फाइनलिस्ट
क्वालिफाइंग सिस्टम के तहत वर्ल्ड कप फाइनल में 10 शूटर सिलेक्ट किए जाते हैं। डिफेंडिंग चैम्पियन यानी पिछली बार के विनर तो डायरेक्ट एंट्री मिलती है। 4 वर्ल्ड कप विनर को भी जगह मिलती है। बाकी 5 में से 2 वर्ल्ड कप रैकिंग के आधार पर सिलेक्ट किए जाते हैं। इसके अलावा तीन शूटर ISSF वर्ल्ड चैम्पियन के टॉपर होते हैं।

