7 महीने बाद वापसी पर Ro-Ko का फ्लॉप शो: विराट ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट; रोहित 500वां इंटरनेशनल मैच खेलने वाले 5वें भारतीय बने
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया में 3 वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला रविवार (19 अक्टूबर) को पर्थ में हुआ, जिसमें सात महीने बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली फ्लॉप रहे।
दोनों Ro-Ko (Rohit-Kohli) के नाम से सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहे हैं। 7 महीने बाद दोनों ने अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे खेला। इसमें रोहित ने 14 और कोहली ने 8 बॉल खेलीं। विराट ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट हुए, जबकि रोहित 500वां इंटरनेशनल मैच खेलने वाले 5वें भारतीय बने हैं।
T20I और टेस्ट से संन्यास ले चुके दोनों
इस दौरान रोहित ने सिर्फ 8 रन बनाए, जबकि कोहली तो खाता भी नहीं खोल सके। इससे पहले इन दोनों ने भारतीय टीम के लिए पिछला मैच 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। अब यह दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। दोनों का अगला टारगेट 2027 वनडे वर्ल्ड कप है।
भारत को पहला झटका, रोहित आउट
पर्थ वनडे में 13 रन पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा था। रोहित शर्मा 14 बॉल खेलकर 8 रन ही बना सके। वे जोश हेजलवुड की बॉल पर स्लिप में कैच आउट हुए। इसके बाद टीम को कोहली से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने भी निराश किया।
कोहली ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट
21 रन पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। रोहित के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। वे मिचेल स्टार्क की बॉल पर कूपर कोनोली के हाथों बैकवर्ड पॉइंट पर कैच आउट हुए। कोहली ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट हुए।
रोहित 500 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले 5वें भारतीय
रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज बेहद ही खास है। पर्थ वनडे रोहित के करियर का 500वां इंटरनेशनल मैच रहा। रोहित यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें भारतीय बने हैं। ओवरऑल उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम-उल-हक को पीछे छोड़ दिया है।
रोहित से पहले भारतीय टीम के लिए 4 ही खिलाड़ी 500 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। सचिन तेंदुलकर ने इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 664 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। दूसरे नंबर पर विराट (550 मैच) हैं। तीसरे नंबर पर माही (535 मैच) और चौथे क्रम पर द्रविड़ (504 मैच) हैं। रोहित इस लिस्ट में 5वें भारतीय हैं।

