फिलिस्तीन की मदद के लिए आगे आया भारत: वेस्ट बैंक में हॉस्पिटल बनाएगा, कागजी कार्रवाई पूरी; दो और प्रोजेक्ट भी जल्द शुरू होंगे
Published:
3 min read

तस्वीर गाजा के अल शिफा हॉस्पिटल की है। इजराइली बमबारी में इसी तरह कई हॉस्पिटल पूरी तरह से तबाह हो गए। (फोटो सोर्स: Reuters)
नेशनल डेस्क। गाजा में जारी इजराइली बमबारी के चलते हेल्थ फैसिलिटी के तबाह होने के बाद फिलिस्तीन की मदद के लिए भारत आगे आया है। भारत अब उसके वेस्ट बैंक इलाके में नया अस्पताल बनाने जा रहा है। इसके लिए कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने बुधवार (19 अगस्त) को इसकी जानकारी दी।
अबू शावेश ने बताया कि भारत ने मंगलवार को वेस्ट बैंक में नया अस्पताल बनाने से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल के निर्माण का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन इस समय बेहद खराब हालात से गुजर रहा है। वहां स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव है और कई इलाकों में जरूरी इलाज की सुविधाएं नहीं हैं। ऐसे समय में भारत की ओर से अस्पताल बनाने की पहल फिलिस्तीन के लिए काफी मददगार है।
भारत ने तीन बड़े प्रोजेक्ट का किया था ऐलान
भारत ने जुलाई में फिलिस्तीन में तीन बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शुरू करने का ऐलान किया था। इनमें एक स्पेशलिटी अस्पताल, एक आर्टिफिशियल लिम्ब फिटमेंट सेंटर यानी कृत्रिम अंग लगाने का केंद्र और एक वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शामिल है।
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की घोषणा के बाद फिलिस्तीन दूतावास ने भारत के इस कदम का स्वागत किया था। दूतावास ने कहा था कि इन प्रोजेक्ट से फिलिस्तीन में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और गाजा में प्रभावित लोगों को दोबारा सामान्य जिंदगी की ओर लाने में मदद मिलेगी।

3 साल की जंग ने हेल्थ फैसिलिटी बर्बाद कर दी
गाजा में बीते तीन साल से जारी संकट के बीच हेल्थ सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई अस्पताल और मेडिकल सेंटर या तो नष्ट हो चुके हैं या काम करने की स्थिति में नहीं हैं। बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी भी मारे गए, घायल हुए या हिरासत में लिए गए हैं।
दवाओं और जरूरी मेडिकल सामान की कमी ने हालात को और मुश्किल बना दिया है। ऐसे में भारत की ओर से अस्पताल और कृत्रिम अंग केंद्र बनाने की पहल को फिलिस्तीन के लिए अहम मदद के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें...

