इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में JDA का बड़ा फैसला: कल से OPD और रूटीन ऑपरेशन सेवाएं बंद करने का ऐलान; सिर्फ इमरजेंसी रहेंगी चालू
Published:
3 min read

हमीदिया में इंटर्न डॉक्टर्स पर पुलिस एक्शन के विरोध में JDA।
भोपाल। हमीदिया अस्पताल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के बीच जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने बड़ा फैसला लिया है। इंटर्न डॉक्टरों पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज की घटना के विरोध में JDA ने इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में खड़े होने का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने बल प्रयोग की घटना की निंदा करते हुए सेवाओं को लेकर भी निर्णय जारी किया है।
कल से OPD और निर्धारित OT सेवाएं रहेंगी बंद
JDA की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, इंटर्न डॉक्टरों की मांगों के समर्थन में मंगलवार से OPD और निर्धारित/गैर-आपातकालीन ऑपरेशन की सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि, मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए Emergency और Critical Care सेवाएं जारी रखी जाएंगी। यानी आपातकालीन और गंभीर मरीजों के इलाज में सेवाएं प्रभावित नहीं की जाएंगी।

वाटर कैनन और लाठीचार्ज का विरोध
JDA ने इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा कि इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और उनके खिलाफ वाटर कैनन तथा लाठीचार्ज की घटना का विरोध किया जाएगा। इसी के तहत JDA ने इंटर्न डॉक्टरों के साथ एकजुटता दिखाते हुए उनके आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया है।
हमीदिया अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
JDA के इस फैसले के बाद हमीदिया अस्पताल में मंगलवार से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। OPD और निर्धारित OT बंद रहने से सामान्य मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से नियमित जांच, परामर्श और पहले से निर्धारित ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने के बाद असुविधा हो सकती है। हालांकि, आपातकालीन और गंभीर मरीजों के लिए आपातकालीन और गंभीर देखभाल सेवाएं जारी रहेंगी।
इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को लेकर बढ़ा विवाद
इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इस दौरान पुलिस और इंटर्न डॉक्टरों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी थी। अब JDA के समर्थन में आने के बाद मामला और गरमा गया है। एक ओर इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका असर पड़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ें- भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों का हल्लाबोल: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन; एक घायल

