भोपाल में PNG कनेक्शन की रफ्तार धीमी: 6 महीने में जुड़े सिर्फ 14 हजार नए कनेक्शन; LPG बंद करने के नोटिस पर विरोध
Published:
3 min read

राजधानी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क विस्तार और नए कनेक्शन देने की रफ्तार धीमी है, फाइल फोटो।
भोपाल। राजधानी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क विस्तार और नए कनेक्शन देने की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पा रही है। पिछले छह माह में पीएनजी कनेक्शनों की संख्या करीब 30 हजार से बढ़कर महज 44 हजार तक पहुंची है, यानी छह महीने में सिर्फ 14 हजार नए कनेक्शन जुड़े। जबकि उच्चस्तरीय बैठक में हर माह कम से कम 10 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया था। इस हिसाब से छह माह में 60 हजार कनेक्शन जुड़ने चाहिए थे, लेकिन उपलब्धि लक्ष्य की आधी भी नहीं रही।
नेटवर्क कम, LPG छोड़ने में भी उपभोक्ताओं की दिलचस्पी नहीं
पीएनजी की धीमी रफ्तार के पीछे मुख्य रूप से दो कारण सामने आ रहे हैं। पहला, शहर में अभी पीएनजी का नेटवर्क सीमित है और विस्तार का काम धीमी गति से चल रहा है। दूसरा, जिन इलाकों में पीएनजी पहुंच चुकी है, वहां भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट होने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, उपभोक्ताओं में पीएनजी को लेकर जानकारी का अभाव और भ्रम भी इसकी एक बड़ी वजह है।
5 लाख से ज्यादा कनेक्शन का लक्ष्य, अभी 44 हजार पर आंकड़ा
सितंबर तक भोपाल में पीएनजी कनेक्शनों की संख्या पांच लाख से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले वर्तमान आंकड़ा करीब 44 हजार ही है। अधिकारियों के अनुसार, भोपाल की 152 कॉलोनियों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। फिलहाल अवधपुरी, अयोध्यानगर और बावड़ियाकलां सहित कुछ चुनिंदा कॉलोनियों में नेटवर्क का काम पूरा हो चुका है।
₹275 में कनेक्शन, ₹6,300 सिक्योरिटी डिपॉजिट
अधिकारियों का कहना है कि पीएनजी कनेक्शन के शुल्कों को लेकर भी उपभोक्ताओं में भ्रम है। पीएनजी कनेक्शन का शुल्क महज 275 रुपए है, जबकि 6,300 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट लिया जाता है। कनेक्शन बंद करने पर यह राशि नियमानुसार वापस कर दी जाती है। खास बात यह है कि सिक्योरिटी डिपॉजिट का भुगतान भी उपभोक्ता किस्तों में कर सकता है। इसके बावजूद नए कनेक्शनों की संख्या अपेक्षित गति से नहीं बढ़ रही है।
900 उपभोक्ताओं को नोटिस, 90 दिन में एलपीजी बंद करने की चेतावनी
पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में एलपीजी कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं को अब प्रशासन की ओर से नोटिस दिए जा रहे हैं। अयोध्यानगर, बावड़ियाकलां और अवधपुरी के करीब 900 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें पीएनजी कनेक्शन लेने और एलपीजी से शिफ्ट होने के लिए कहा गया है। निर्धारित अवधि में पीएनजी कनेक्शन नहीं लेने पर 90 दिन बाद एलपीजी आपूर्ति बंद किए जाने की चेतावनी दी गई है। आने वाले दिनों में पीएनजी नेटवर्क से जुड़ने वाली अन्य कॉलोनियों में भी ऐसे नोटिस दिए जाने हैं।
गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने जताया विरोध
पीएनजी को अनिवार्य करने और संबंधित क्षेत्रों में एलपीजी कनेक्शन बंद करने के प्रावधान का गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन विरोध कर रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएस शर्मा का कहना है कि उपभोक्ताओं को पीएनजी और एलपीजी में से अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुनने की पूरी स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। ऐसे में केवल एलपीजी कनेक्शन बंद करना उचित नहीं है।
"पीएनजी नेटवर्क बढ़ाने पर हमारा विशेष फोकस है। भोपाल में अभी 44 हजार कनेक्शन हैं और संबंधित कंपनी को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिन कॉलोनियों में पीएनजी नेटवर्क पहुंच चुका है, वहां के उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। ऐसा नहीं करने पर एलपीजी कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। इसी संबंध में करीब 900 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।"

