देवास में पुलिस को देख बदमाशों ने नदी में फेंकी अवैध देशी पिस्टल: पानी में उतरकर जवानों ने खोज निकाली; दो हथियार तस्कर गिरफ्तार
Published:
2 min read

मुखबिर से मिली थी सूचना
देवास। पीपलकोटा के पास दतूनी नदी में उस वक्त लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब पुलिस जवान अवैध देशी पिस्टल की तलाश में नदी के पानी में उतर गए। दरअसल, कांटाफोड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर कांटाफोड़ से खातेगांव की ओर जा रहे हैं। कांटाफोड़ पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया और सतवास थाना पुलिस को सूचना दी।
घेराबंदी कर दोनों आरोपी धरे गए, पानी से अवैध देशी पिस्टल बरामद
इसके बाद सतवास पुलिस ने आगे जाकर पीपलकोटा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर भागने के दौरान आरोपियों ने अपने पास रखी अवैध देशी पिस्टल दतूनी नदी में फेंक दी। इसके बाद कांटाफोड़ और सतवास पुलिस के जवानों ने नदी में उतरकर काफी मशक्कत की और पानी से अवैध देशी पिस्टल बरामद कर ली। पुलिस की कार्रवाई देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
दोनों आरोपी देवास के रहने वाले
संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपी देवास जिले के कवलासा और सीहोर जिले के जामुनियाकला के रहने वाले बताए गए हैं। पूरे मामले में सतवास थाना पुलिस द्वारा FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

