सागर में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 2 सगे भाइयों की मौत: खेलते वक्त गिरे, छोटे भाई को बचाने में 8 वर्षीय भाई भी कूदा, दोनो की मौत
Published:
2 min read

3 और 8 साल के दो मासूम भाइयों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
सागर। कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा पहाड़ी इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। यहां पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भी मातम पसरा हुआ है।
3 वर्षीय भाई को बचाने 8 वर्षीय बड़ा भाई पानी में कूदा
दरअसल पुलिस के मुताबिक भैंसा पहाड़ी क्षेत्र निवासी भागीरथ बंसल के बेटे मंकू उम्र 3 वर्ष और कार्तिक उम्र 8 वर्ष गुरुवार को घर के आसपास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों भाई पानी से भरे एक गड्ढे के पास पहुंच गए। इसी दौरान अचानक छोटे भाई मंकू का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। छोटे भाई को पानी में डूबता देख 8 वर्षीय कार्तिक उसे बचाने के लिए गड्ढे में उतर गया। लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह भी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोनों भाई पानी में समाए
कुछ ही देर में दोनों बच्चे पानी में समा गए। इधर, काफी देर तक दोनों बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। तलाश के दौरान दोनों बच्चों के पानी से भरे गड्ढे में डूबने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना तत्काल कैंट पुलिस को दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों के शव पानी से बाहर निकलवाए
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकलवाए। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। एक ही परिवार के दो मासूम भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें - सागर में अवैध शराब कारोबार पर एक्शन: खंडहर मकान में छिपा था 45 किलो महुआ लाहन, आबकारी टीम ने किया नष्ट, आरोपी फरार

