सागर शराब कांड में पुलिस ने फिर किया शॉर्ट एनकाउंटर: 30 हजार इनामी बदमाश मनीष लोधी के पैर में लगी गोली; भागते समय साथी भी घायल
Published:
3 min read

मुठभेड़ में घायल शराब कांड का आरोपी मनीष लोधी।
सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 30 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में मनीष के पैर में गोली लगी, उसका साथी आशीष साहू भी भागने की कोशिश में घायल हुआ।
तड़के 3 बजे पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी मनीष लोधी अपने साथी आशीष साहू के साथ मालथौन इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नोनिया सेसई रोड घाटी के पास बुधवार तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी की।
पुलिस पर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान मनीष लोधी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। वहीं, आशीष साहू ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।
दो कट्टे और पांच खाली राउंड बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, पांच खाली राउंड और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया। फोरेंसिक और साक्ष्य संकलन टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस ने तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण और इलाज जारी है। पुलिस अब बरामद हथियारों और मौके से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जहरीली शराब से हुई थी कई मौतें
बंडा और विनायका थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की थी। मुख्य आरोपी मनीष लोधी लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
52 लोगों पर नामजद मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में 52 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें से अब तक 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले आरोपी रवि लखेरा और शिवानजय राजपूत को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था।
अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ जहरीली शराब से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें-

