देशभर में स्टूडेंट्स से बातचीत का अभियान शुरू: कोचिंग सेंटर्स से लेकर यूनिवर्सिटी में जा रहे कांग्रेस नेता, केसी वेणुगोपाल ने एक दिन पहले दिए थे निर्देश
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क। कांग्रेस ने पेपर लीक, भर्ती में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और स्टूडेंट्स पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर देशभर में छात्रों के साथ बातचीत का अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेटर लिखकर इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।
वेणुगोपाल ने लेटर में लिखा है कि देशभर के स्टूडेंट बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी, शिक्षा की बढ़ती लागत और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएगी।
वेणुगोपाल ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर राहुल गांधी ने 17 जून 2026 को राजस्थान के कोटा से 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के जरिए राहुल गांधी ने एजुकेशन सिस्टम को शोषण और वसूली से आजाद कराने की जरूरत पर जोर दिया है। हमें अब इस अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाना है।
दिल्ली में स्टूडेंट्स पर कार्रवाई का जिक्र
लेटर में 20 जुलाई को दिल्ली में स्टूडेंट्स के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को भी गलत बताया। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जब कांग्रेस नेताओं ने धरना दिया तो उनके साथ भी दिल्ली पुलिस ने धक्का-मुक्की की। लोकतंत्र में यह सब होना ठीक नहीं है।
केसी वेणुगोपाल ने लिखा कि देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता 22 जुलाई को छात्रों से बातचीत करेंगे। इस अभियान के तहत पार्टी नेता और कार्यकर्ता कॉलेजों, यूनिवर्सिटी, कोचिंग संस्थानों, होस्टल और अन्य एजुकेशनल कैंपस में जाकर स्टूडेंट्स से सीधे बातचीत करेंगे। वेणुगोपाल ने इसके लिए सभी पार्टी लीडर्स को आपस में कोर्डिनेशन करने और अपने-अपने शहरों में स्टूडेंट्स तक पहुंचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें...

