पहली पत्नी से बात करता था, दूसरी ने मार डाला: सोते वक्त चाकू चलाए, बॉक्स में पैक किया और ई-रिक्शा से नहर में फेंक आई
Published:
3 min read

यह तस्वीर सांकेतिक है और AI से जनरेट की गई है।
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पति की हत्या का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने पति के पहली पत्नी से लगातार कॉन्टैक्ट में रहने और उसे पैसे देने से नाराज होकर उसका मर्डर कर दिया। आरोप हैं कि उसने अपने प्रेमी और प्रेमी के दोस्त के साथ मिलकर इस मर्डर का प्लान रचा।
शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि पति जब सो रहा था तब महिला ने प्रेमी और उसके साथी को घर में बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। मर्डर के बाद शव को पहले घर में रखे एक लकड़ी के बॉक्स में छिपाया गया। अगले दिन ई-रिक्शा से शव को नहर के पुल के नीचे फेंक दिया गया।
चार साल से था रिश्ता, दो साल पहले शादी हुई
DCP (लखनऊ साउथ) मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, आरोपी महिला सुफिया बानो और रामकिशोर वाल्मीकि (मृतक) करीब चार साल से रिलेशनशिप में थे। करीब दो साल पहले दोनों ने शादी की थी।
उन्होंने बताया कि रामकिशोर अपनी पहली पत्नी कविता देवी से भी बातचीत करता रहता था। वह उससे मिलने जाता था और उसे पैसे देता था। सुफिया को यह बात पसंद नहीं थी और इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे।
पुलिस के मुताबिक, सुफिया का 52 साल के मुन्ना उर्फ मुच्छड़ से भी संबंध था। इसकी जानकारी रामकिशोर को हो गई थी। इसी बात को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
इन सब विवादों के बीच सुफिया ने मुन्ना और उसके दोस्त मोहम्मद इकबाल उर्फ बशीर अहमद के साथ मिलकर रामकिशोर को मारने की साजिश रची।
रात में घर बुलाया प्रेमी और साथी
पुलिस के मुताबिक, 14-15 सितंबर की रात जब रामकिशोर सो रहा था तब सुफिया ने मुन्ना और इकबाल को अपने घर बुलाया। दोनों ने चाकू से रामकिशोर की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए फर्श पर प्लास्टर कर दिया। खून से सना झाड़ू, रामकिशोर के कपड़े और मर्डर में इस्तेमाल चाकू को भी छिपा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मर्डर के बाद सुफिया ने अपने 16 साल के बेटे को बुलाया और चारों ने मिलकर रामकिशोर की डेड बॉडी घर में बेड के नीचे रखे लकड़ी के संदूक में छिपा दी। अगली रात शव को ई-रिक्शा में रखकर कनकहा इलाके के भवाखेड़ा में नहर के पुल के नीचे फेंक दिया गया।
पहली पत्नी की शिकायत से शुरू हुई जांच
रामकिशोर की पहली पत्नी कविता देवी की शिकायत पर 17 सितंबर को पुलिस ने BNS की धारा 103 यानी हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पूछताछ और जांच पड़ताल में पुलिस का शक सुफिया पर गया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी महिला ने सब कुछ बता दिया।
पुलिस ने इसके बाद ई-रिक्शा के रास्ते का पता लगाने के लिए करीब 170-180 CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। तकनीकी और फील्ड इनपुट की मदद से आरोपियों के खिलाफ केस को और मजबूत किया गया।
पुलिस ने शुक्रवार (18 सितंबर) को सुफिया बानो, उसके प्रेमी मुन्ना और मोहम्मद इकबाल को गिरफ्तार किया। सुफिया के 16 साल के बेटे को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और शव ले जाने वाले ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें...
पत्नी का सिर काटकर थाने पहुंचा शख्स: बोला- फोन पर किसी से बात करती रहती थी! 12 साल पहले शादी हुई थी

