सड़क के गड्ढे ने गर्भ में ही बच्चे की जान ली: डिलीवरी के लिए अस्पताल जा रहे थे, एंबुलेंस पॉटहोल में जा फंसी, ट्रैक्टर से खींचने में 2 घंटे लग गए; UP का है मामला
Published:
3 min read

इमेज AI जनरेटेड है।
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के आगरा से रोड की बदहाली का एक मामला सामने आया है। यहां डिलीवरी के लिए अस्पताल जा रही एक एंबुलेंस रोड के बड़े से गड्ढे में जा फंसी। उसे इस गड्ढे से बाहर निकालने में दो घंटे लग गए। नतीजा यह हुआ कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई।
मामला पिछले हफ्ते का है लेकिन सुर्खियों में अब आया है। 2 सितंबर की रात करीब डेढ बजे 25 साल की निधि को लेबर पेन शुरू हुआ। परिवार ने एंबुलेंस को फोन किया। परिवार का मकसद निधि को जल्द से जल्द हॉस्पिटल पहुंचाना था।
एंबुलेंस महिला को लेकर गांव की लिंक रोड से अस्पताल की ओर निकली। लेकिन रास्ते में खराब सड़क ने सबकुछ बदल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक एंबुलेंस एक बड़े से गड्ढे में इस तरह फंसी कि वह आगे बढ़ ही नहीं सकी। ड्राइवर ने काफी कोशिश की, लेकिन एंबुलेंस नहीं निकल पाई।
महिला दर्द से परेशान थी और परिवार अस्पताल पहुंचने की जल्दी में था। आखिरकार गांव के लोग मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकालने की कोशिश की। इस पूरी कवायद में पूरे दो घंटे लग गए।
हॉस्पिटल तो पहुंचे लेकिन बहुत देर हो चुकी थी
काफी मशक्कत के बाद परिवार निधि को तड़के 3.30 बजे हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की गर्भ में ही मौत हो चुकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने में हुई देरी ने महिला की हालत को भी मुश्किल बना दिया था। डॉक्टरों ने निधि की हालत संभालने के लिए फौरन सर्जरी की।
6 महीने पहले ही बनी थी सड़क, बारिश में उखड़ गई
घटना के बाद गांव के लोगों में गुस्सा है। गांववालों का कहना है कि जिस सड़क पर एंबुलेंस फंसी, उसकी मरम्मत करीब 6 महीने पहले ही हुई थी। लेकिन हाल की तेज बारिश के बाद सड़क पूरी तरह उखड़ गई। यह भी दावे हैं कि सड़क खराब होने की शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन वक्त रहते कोई कदम नहीं उठाया गया।
बच्चे की मौत की जांच के आदेश
घटना सामने आने के बाद हेल्थ डिपार्टमेंट और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बच्चे की मौत किन हालात में हुई और एंबुलेंस के फंसने से इसमें कितनी देरी हुई, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) को खराब सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें...

