रहाणे रिटायरमेंट का वीडियो बनाकर खूब रोए: कहा- सचिन ने सबसे पहले कॉल किया, उन्हें लगा मैं और ज्यादा खेल सकता था
Published: Updated:
3 min read

अजिंक्य रहाणे और सचिन तेंदुलकर। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो मैसेज शेयर कर रिटायरमेंट की जानकारी दी थी। अब रहाणे ने खुलासा किया है कि वे वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद खूब रोए थे।
रहाणे ने बताया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कई मौजूदा और पूर्व क्रिकेटर्स ने उन्हें मैसेज किया, लेकिन सबसे पहले उन्हें सचिन तेंदुलकर ने कॉल की थी। सचिन को उम्मीद थी कि रहाणे अभी और क्रिकेट खेलेंगे।
सचिन ने कहा- थोड़ा और खेल सकते थे
पूर्व भारतीय कप्तान रहाणे ने कहा- सचिन पाजी का सबसे पहले कॉल आया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था मैं और खेलूंगा। मैंने कहा कि मैं इसे ज्यादा खींचना नहीं चाहता था। मैं बिना किसी पछतावे के रिटायर होना चाहता था।
विराट-रोहित ने मैसेज किया
रहाणे ने बताया कि इरफान पठान ने भी उन्हें कॉल किया। वहीं चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह ने उन्हें मैसेज किया। रहाणे ने सभी को एक ही बात कही। उन्होंने कहा कि वह अपने कॅरियर से संतुष्ट हैं, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट को अपना सबकुछ दिया।

रिटायरमेंट वीडियो बनाते वक्त रो पड़े
रहाणे ने बताया कि रिटायरमेंट वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद वह काफी रोए। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि रिटायरमेंट का ऐलान उनके लिए इतना इमोशनल होगा।
कोहली-पुजारा के साथ स्पेशल बॉन्डिंग
रहाणे ने विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा के साथ अपनी बॉन्डिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि तीनों का एक ही गोल था। भारत को टेस्ट क्रिकेट में टॉप पर पहुंचाना। रहाणे ने बताया कि टीम ने मुश्किल दौर भी साथ देखा और लगातार मेहनत करके भारत को टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 बनाया।
अब ETPL में खेलेंगे
रहाणे ने इंडियन क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया है। अब वह यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) में खेलेंगे। वह 26 अगस्त को एम्स्टर्डम फ्लेम्स की तरफ से अपना पहला मैच खेलेंगे। रहाणे इस लीग में खेलने वाले दूसरे भारतीय होंगे। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन भी ETPL का हिस्सा बने हैं।
8 हजार T20 रन के करीब
रहाणे T20 क्रिकेट में 8 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 32 रन दूर हैं। यह आंकड़ा छूते ही वह विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, केएल राहुल और सुरेश रैना के बाद 8 हजार T20 रन बनाने वाले 8वें भारतीय बन जाएंगे। रहाणे ETPL में यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान का खतरा: 6 महीने से मिल रहे धमकी भरे लेटर में लिखा- फैमिली को खत्म कर देंगे

