ऑस्ट्रिया ने 44 साल बाद नॉकआउट में जगह बनाई : अल्जीरिया के साथ 3-3 से ड्रॉ, ईरान वर्ल्ड कप से बाहर
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-J में ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच 3-3 का ड्रॉ खेला गया। इस रिजल्ट से दोनों टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंच गईं। वहीं, ईरान का वर्ल्ड कप सफर खत्म हो गया। ईरान को बेस्ट थर्ड प्लेस टीम के तौर पर क्वालिफाई करने के लिए इस मैच में किसी एक टीम की जीत चाहिए थी।
स्टॉपेज टाइम में मैच पलटा
मुकाबले के आखिरी मिनटों तक स्कोर 2-2 था। स्टॉपेज टाइम में अल्जीरिया के कप्तान रियाद महरेज ने अपना दूसरा गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रिया बाहर हो जाएगा। कुछ ही सेकंड बाद सासा कलाजद्जिक ने हेडर से गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया और ऑस्ट्रिया को नॉकआउट में पहुंचा दिया।
ऑस्ट्रिया ने 44 साल बाद रिकॉर्ड बनाया
ऑस्ट्रिया ने 1982 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में जगह बनाई है। टीम ग्रुप-J में अर्जेंटीना के बाद दूसरे नंबर पर रही। अब उसका मुकाबला यूरोपियन चैंपियन स्पेन से होगा अल्जीरिया ग्रुप में तीसरे नंबर पर रहा, लेकिन बेस्ट थर्ड प्लेस टीमों में जगह बनाकर राउंड ऑफ-32 में पहुंच गया। अब उसका मुकाबला स्विट्जरलैंड से होगा।

ईरान वर्ल्ड कप से बाहर
ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के ड्रॉ ने ईरान की उम्मीदें खत्म कर दीं। अगर इस मैच में किसी एक टीम की जीत होती, तो ईरान नॉकआउट में पहुंच सकता था। स्टॉपेज टाइम में ऑस्ट्रिया के बराबरी के गोल ने ईरानी फैन्स का सपना तोड़ दिया।
1982 का हिसाब भी बराबर
1982 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रिया और वेस्ट जर्मनी के कॉन्ट्रोवर्शियल मैच की वजह से अल्जीरिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। उस मैच को आज भी "डिस्ग्रेस ऑफ गिजोन" के नाम से जाना जाता है। इस बार दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मैच देखने को मिला।

