FIFA WC से 1.29 लाख करोड़ का रेवेन्यू: ऑफिशियल अनाउंसमेंट जल्द, टिकट रीसेल से ज्यादा फायदा; अब पिच भी बिकेगी
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 इतिहास का सबसे ज्यादा कमर्शियल टूर्नामेंट बन गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, FIFA जल्द ही करीब 15 अरब डॉलर (करीब ₹1.29 लाख करोड़) के रेवेन्यू का ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर सकता है। यह आंकड़ा पहले तय किए गए 13 अरब डॉलर (करीब ₹1.12 लाख करोड़) के टारगेट से भी ज्यादा है।
48 टीमों वाला पहला वर्ल्ड कप
FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फैन्टिनो (Gianni Infantino) ने 2026 वर्ल्ड कप में पहली बार टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 कर दी थी। टूर्नामेंट अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेला गया। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन्फैन्टिनो फ्युचर में वर्ल्ड कप और क्लब वर्ल्ड कप में 64 टीमों का फॉर्मेट लागू करना चाहते हैं।
सबसे ज्यादा कमर्शियल वर्ल्ड कप
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 वर्ल्ड कप अब तक का सबसे ज्यादा कमर्शियल टूर्नामेंट रहा। पूरे टूर्नामेंट के 104 मैचों में टिकट की मीडियन प्राइस 1000 डॉलर (करीब ₹86 हजार) रही। वहीं फाइनल की कुछ पिचसाइड सीट्स 10 लाख डॉलर (करीब ₹8.6 करोड़) तक में बिकीं।
FIFA फाइनल के बाद स्टेडियम की पिच को 3 अलग-अलग साइज के टुकड़ों में बेचने की तैयारी कर रहा है। इसकी शुरुआती कीमत 450 डॉलर (करीब ₹39 हजार) रखी गई है।
पिच की घास को सुरक्षित रखने के लिए उसे रेजिन में सील किया जाएगा। इसके बाद उसे ऐक्रेलिक केसिंग यानी ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक बॉक्स में पैक करके भेजा जाएगा। बॉक्स पर FIFA वर्ल्ड कप 2026 का लोगो, फाइनल मैच का वेन्यू, तारीख और स्कोर भी लिखा होगा।
USB और यादगार गिफ्ट्स भी मिलेंगे
पिच के टुकड़े के साथ एक USB भी दी जाएगी, जिसमें यह प्रमाण होगा कि घास असली स्टेडियम की पिच से ली गई है। इसके अलावा खरीदारों को सोने की नक्काशी वाला मेटल टिकट, फाइनल में इस्तेमाल हुई फुटबॉल की रेप्लिका और क्रिस्टल-कट ग्लास से बनी वर्ल्ड कप ट्रॉफी की रेप्लिका भी मिलेगी।
FIFA के मुताबिक, पिच के कुछ टुकड़ों का साइज 2.5×2.5×2.5 इंच और 3×3×3 इंच होगा।
15 अरब डॉलर का रेवेन्यू
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, FIFA ने अपने मेंबर एसोसिएशंस को ईमेल भेजकर बताया है कि 4 साल के साइकिल का कुल रेवेन्यू करीब 15 अरब डॉलर (करीब ₹1.29 लाख करोड़) रहने वाला है। यह पहले तय किए गए 13 अरब डॉलर (करीब ₹1.12 लाख करोड़) के टारगेट से काफी ज्यादा है।

टिकट रीसेल सिस्टम से कमाई
रिपोर्ट में कहा गया है कि FIFA भविष्य के वर्ल्ड कप में भी अपने ऑफिशियल टिकट रीसेल प्लेटफॉर्म को जारी रख सकता है। इस सिस्टम में हर बार टिकट दोबारा बिकने पर FIFA को 30% कमीशन मिलता है।
यानी एक ही टिकट कई बार बिकता है और हर बार FIFA की कमाई बढ़ती है। माना जा रहा है कि यही मॉडल आने वाले वर्ल्ड कप और दूसरे बड़े टूर्नामेंट में भी जारी रह सकता है।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरें गलत: हिटमैन बोले- मेरा काम बैटिंग करना है, लोगों के कहने से फर्क नहीं पड़ता

