वैभव टैलेंटेड, वो कुछ भी कर सकता है: कोच गंभीर बोले- 15 हो या 30 साल, मौके का इंतजार करना पड़ेगा; हार्दिक अभी फिट नहीं
Published: Updated:
3 min read

वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 2 फिफ्टी लगाई थीं। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। भारतीय टीम ने सीरीज 3-0 से जीती। अब हेड कोच गौतम गंभीर ने वैभव के सिलेक्शन और संजू सैमसन को लेकर सिचुएशन साफ की है। गंभीर ने कहा कि वैभव को अपने मौके का इंतजार करना होगा। फिलहाल संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर मौका मिलता रहेगा।
वैभव को करना होगा इंतजार
गंभीर ने कहा - वैभव में काफी टैलेंट है। टीम मैनेजमेंट को पता है कि वह क्या कर सकता है, लेकिन जो प्लेयर कई साल से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, फिलहाल वही आगे रहेगा। जब वैभव की बारी आएगी, तो उसे लंबा मौका दिया जाएगा। चाहे प्लेयर 15 साल का हो या 30 साल का। उसे अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है।
ये भी पढ़े: अगरकर का बतौर चीफ सिलेक्टर काउंटडाउन शुरू: पार्थिव-प्रज्ञान रेस में, आज फैसला मुमकिन

जिम्बाब्वे में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे वैभव
संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे से आराम दिया गया था। वहां वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की थी। उन्होंने 151 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में संजू की वापसी हुई। वैभव को बेंच पर बैठना पड़ा।
संजू ने अफगानिस्तान के खिलाफ 2 फिफ्टी
अफगानिस्तान के खिलाफ संजू ने 2 फिफ्टी लगाईं। गंभीर ने बताया कि इंग्लैंड सीरीज में संजू को बाहर करना उनके कोचिंग कॅरियर का सबसे मुश्किल फैसला था। गंभीर के मुताबिक, संजू की पिछली उपलब्धियों को कुछ खराब पारियों के बाद नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
हार्दिक अभी नहीं हैं पूरी तरह फिट - गंभीर
हार्दिक पंड्या की वापसी में अभी थोड़ा और समय लग सकता है। हेड कोच गौतम गंभीर ने बताया कि हार्दिक फिलहाल ODI में 10 ओवर बॉलिंग करने के लिए तैयार नहीं हैं। हार्दिक ने IPL 2026 के बाद से भारतीय टीम के लिए कोई मैच नहीं खेला है। वह लगातार इंजरी से जूझ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पृथ्वी शॉ सगाई के 6 महीने बाद मंगेतर से अलग : आकृति का पोस्ट- हालात को देखते हुए फैसला लिया

इंडिया A के मैच से वापसी
हार्दिक को ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ ODI मैच के लिए इंडिया A टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली।गंभीर ने कहा कि हार्दिक को पहले इंडिया A के मैच खेलने चाहिए। इससे उन्हें मैच टाइम मिलेगा। इसके बाद उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर फैसला किया जाएगा।
गंभीर ने कहा कि हार्दिक अभी 10 ओवर बॉलिंग नहीं कर सकते। IPL के बाद उन्होंने ज्यादा क्रिकेट भी नहीं खेली है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें सीधे इंटरनेशनल क्रिकेट में उतारकर रिस्क नहीं लेना चाहता। अगर इंडिया A सीरीज में सबकुछ ठीक रहता है, तो हार्दिक T20 और वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं।
हार्दिक के साथ खेल सकते हैं नितीश
गंभीर ने नितीश कुमार रेड्डी को लेकर भी बात की। नितीश को एशियन गेम्स की टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में शामिल किया गया है। गंभीर ने कहा कि हार्दिक की वापसी के बाद टीम मैनेजमेंट दोनों ऑलराउंडर्स को एक साथ भी प्लेइंग XI में खिला सकता है। आने वाले समय में सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर टीम के लिए काफी अहम होंगे।
ये भी पढ़े : रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को: लखनऊ के रमाडा होटल में सेरेमनी, जून 2025 में सगाई हुई थी

