सचिन ने गुरु आचरेकर को श्रद्धांजलि दी: गुरु पूर्णिमा पर पोस्ट वायरल; आयुष म्हात्रे ने तेंदुलकर के साथ फोटो शेयर की
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) के मौके पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने गुरु दिवंगत रमाकांत आचरेकर को श्रद्धांजलि दी। इस खास दिन युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने सचिन को अपना गुरु मानते हुए उन्हें धन्यवाद कहा। सचिन और आयुष दोनों की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
सचिन ने गुरु आचरेकर को किया याद
सचिन गुरु पूर्णिमा के दिन मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने रमाकांत आचरेकर के स्मारक पर फूल चढ़ाए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। सचिन देर रात स्मारक पहुंचे ताकि ज्यादा भीड़ न हो और वह शांति से अपने गुरु को श्रद्धांजलि दे सकें।
सचिन ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज यहां खड़े होकर लगा कि चाहे कितने भी साल बीत जाएं, आपके लिए मेरा एक 'धन्यवाद' हमेशा बाकी रहेगा। मुझ पर भरोसा करने, सही रास्ता दिखाने और मुझे अच्छा इंसान बनाने के लिए आपका धन्यवाद। हैप्पी गुरु पूर्णिमा, आचरेकर सर।
आचरेकर सर ने बनाया था सचिन को महान खिलाड़ी
सचिन तेंदुलकर कई बार कह चुके हैं कि अगर आचरेकर सर का साथ नहीं मिलता, तो शायद उनका क्रिकेट सफर इतना बड़ा नहीं होता। उन्होंने मेहनत करना सिखाया और वही सीख आगे चलकर सचिन की सबसे बड़ी ताकत बनी। आचरेकर को 1990 में द्रोणाचार्य पुरस्कार और 2010 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। उनका निधन 2 जनवरी 2019 को हुआ था।

आयुष म्हात्रे ने सचिन को कहा शुक्रिया
वहीं, आयुष म्हात्रे ने भी गुरु पूर्णिमा के मौके पर सचिन तेंदुलकर के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की। उन्होंने लिखा- आज उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने गाइड किया है। हैप्पी गुरु पूर्णिमा।


